देहरादून में कल बंद रहेंगे स्कूल, भारी बारिश के अलर्ट पर प्रशासन का बड़ा फैसला

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड में लगातार बिगड़ रहे मौसम के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए 20 अगस्त को भी देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में मौसम विभाग के पूर्वानुमान और राष्ट्रीय आपदा चेतावनी तंत्र से प्राप्त अलर्ट का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 अगस्त को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियातन शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले 18 अगस्त को भी देहरादून के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए थे।
सोमवार के बाद अब फिर स्कूल बंद
सोमवार के बाद अब एक दिन के अंतराल के बाद स्कूल बंद रखने का फैसला बारिश की गंभीरता को दर्शाता है। प्रशासन की नजर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों, जलभराव वाले इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर भी बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व बरसाती गदेरों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। यानी देहरादून में कल, 20 अगस्त को भी बच्चों को स्कूल नहीं जाना होगा।



