DehradunEducationआपदा प्रबंधन

प्रेमनगर में तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा-स्कॉर्पियो, युवक-युवती की मौत, 03 को बचाया

लोअर कंडोली पौंधा रोड स्थित पुल के पास हादसा, छात्रों की देर रात ऐसी बेफिक्री पर सवाल भी खड़े

Rankumar Dhiman, Dehradun: प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के बीच एक क्रेटा व स्कॉर्पियो कार बह गई। हादसे के समय क्रेटा वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। सूचना मिलने पर SDRF की टीम ने रातभर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब दो किलोमीटर दूर एक युवक-युवती घायल अवस्था में मिले, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। वहीं, वाहन में सवार एक अन्य युवती का शव बरामद कर लिया गया। नदी में क्षतिग्रस्त क्रेटा कार के पास एक स्कॉर्पियो (HR08AG8743) कार भी मिली, उसमें सवार हरियाणा निवासी संभव (22 वर्ष) को तत्काल रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि उसका साथी जयपुर राजस्थान निवासी अक्षय (21 वर्ष) की नदी में बहने से मृत्यु हो गई।

हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास देर रात हुआ। बताया गया कि क्रेटा कार संख्या RJ 13 CE 5641 तेज बरसाती बहाव की चपेट में आकर पूरी तरह बह गई। वाहन के बहने की सूचना मिलते ही SDRF डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के हमराह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

तेज बहाव में शुरू हुआ रातभर रेस्क्यू अभियान
घटनास्थल पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने अंधेरे और तेज पानी के बीच सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि क्रेटा में तीन लोग सवार थे। तेज बहाव के कारण वाहन और उसमें सवार लोगों का पता लगाने के लिए टीम ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग की।

लगातार तलाश के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर अंश बवेजा अक्षय पुत्र मुकेश, उम्र 22 वर्ष, निवासी गंगानगर, राजस्थान, सहज प्रीति कौर (18 वर्ष) छात्रा बीबीए एलएलबी, पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिले। SDRF जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

युवती कनन का शव बरामद
सर्चिंग अभियान के दौरान SDRF टीम को वाहन में सवार एक अन्य युवती कनन सचदेवा (19 वर्ष) निवासी पीली बंगा हमुनगड गंगानगर राजस्थान का शव भी बरामद कर लिया गया। कनन के साथ ही अक्षय के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बताया गया कि क्रेटा सवार युवक व युवती रेस्क्यू की गई युवती का प्रेमनगर क्षेत्र के निजी शिक्षण संस्थान में दाखिला होने पर उसे छोड़ने यहां आए थे। मृतक युवती टाटिया यूनिवर्सिटी गंगानगर राजस्थान में एमबीबीएस की छात्रा थी।

तेज बारिश और उफनते बरसाती बहाव के बीच SDRF जवानों ने पूरी रात अभियान जारी रखा। हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान पहाड़ी और नदी-नालों से जुड़े मार्गों पर अचानक बढ़ने वाले जलप्रवाह के खतरे को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button