रिखणीखाल में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी ईको कार, आठ की मौत, चार घायल
मृतकों में सात महिलाएं और वाहन चालक शामिल, सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। कलवाड़ी गांव के पास सवारियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत सात महिलाओं की मृत्यु हुई है। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर को थाना रिखणीखाल को सूचना मिली कि रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के पास एक ईको वाहन (UK 15 TA 2152) दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इसमें कुल 12 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही रिखणीखाल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। वहीं, आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई। सभी शवों को भी खाई से निकाल लिया गया।
मृतकों में सात महिलाएं, चालक भी शामिल
पुलिस की ओर से जारी सूची के अनुसार, मृतकों में भंगलवाड़ निवासी कांती देवी (45) पत्नी दिनेश चंद्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, अनिल देबराड़ा (48) पुत्र जयानंद (वाहन चालक), सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चंद्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) शामिल हैं।
चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे में भंगलवाड़ निवासी शशि देवी (35) पत्नी गजेंद्र सिंह, शकुंतला देवी (45) पत्नी महेंद्र सिंह, जगदीश सिंह पुत्र भोपाल सिंह और सत्यवती देवी (36) पत्नी जगदीश सिंह घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
योजना के फार्म भरने गई थीं महिलाएं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं और रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के फार्म भरने गई थीं। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



