
Crime Desk, RTW: मां के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक व्यक्ति पर नाबालिग किशोरी को नशीली दवा खिलाकर कई माह तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। किशोरी के तीन माह की गर्भवती होने का पता चलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता के मामा की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी। महिला पिछले करीब तीन साल से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रसौली बाजार निवासी मोहम्मद नजीर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी के साथ महिला की नाबालिग बेटी भी उसी घर में रहती थी। करीब पांच दिन पहले किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मां उसे चिकित्सक के पास लेकर गई तो जांच में उसके तीन माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। यह जानकारी सामने आते ही मां के होश उड़ गए। उसने बेटी को विश्वास में लेकर पूछताछ की तो किशोरी ने कथित तौर पर बताया कि उसके साथ रहने वाला नजीर उसे नशीली दवा खिलाकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म करता था। किशोरी के मुताबिक, जब उसे आरोपी की हरकत का पता चला तो उसने उसे डराया-धमकाया और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसी डर के कारण वह काफी समय तक चुप रही। बेटी से पूरी बात जानने के बाद महिला ने हरिद्वार क्षेत्र में रहने वाले अपने भाई को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के मामा ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामला दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घटना सामने आने के बाद आरोपी नजीर फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने उसे रुड़की रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। इसके बाद बयान और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



