crimeUttarakhand

पौड़ी में एसबीआई शाखा प्रबंधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

एसबीआई की धुमाकोट शाखा में थे तौनात, बीती रात से परिजन कर रहे कॉल, नहीं मिल रहा था जवाब

Round The Watch News: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की धुमाकोट शाखा के प्रबंधक गणेश सिंह नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गुरुवार सुबह आवास के किचन में सरिये से बंधी रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गणेश सिंह नेगी के परिजन बुधवार से ही उन्हें लगातार फोन कर रहे थे। कई बार फोन करने के बावजूद जब उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की तो स्वजन चिंतित हो गए। गुरुवार सुबह उनके पिता ने धुमाकोट स्थित बैंक शाखा के एक कर्मचारी से संपर्क किया और उनसे गणेश के कमरे में जाकर बेटे से बात कराने का आग्रह किया।

बैंक कर्मचारी जब गणेश के आवास पर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो किचन में गणेश सिंह नेगी का शव सरिये से बंधी रस्सी के सहारे लटका हुआ था। यह देखकर कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चिकित्सालय भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शाखा प्रबंधक की मौत का असल कारण क्या रहा। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गणेश सिंह नेगी ने कुछ समय पहले ही धुमाकोट स्थित एसबीआई शाखा में प्रबंधक का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह मेरठ में तैनात थे और स्थानांतरण के बाद धुमाकोट आए थे। उनकी मौत की सूचना से बैंक कर्मचारियों और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button