
Aryan Walia, Dehradun: क्लेमेंटटाउन के सुभाषनगर में 26 वर्षीय काजल की हत्या का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के तलाक लेने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू ने उसकी हत्या की साजिश रची। सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदकर देहरादून पहुंचा और रातभर निर्माणाधीन भवन में छिपकर पत्नी के घर की रेकी करता रहा। सुबह मौका मिलते ही टीन का दरवाजा तोड़कर घर में घुसा और गहरी नींद में सो रही काजल पर दो गोलियां चला दीं। हत्या के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
पहले हाथापाई की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से क्लेमेंटाउन पुलिस को सूचना मिली कि धीरज की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हो गई थी और इसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गई। धीरज ने पुलिस को बताया था कि वह काजल को दून अस्पताल लेकर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक महिला बिस्तर पर मृत पड़ी थी। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे।
मृतका की पहचान काजल पत्नी धीरज पंवार, निवासी ईदगाह के सामने, सुभाषनगर, राणा मार्ग, देहरादून, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और साक्ष्य जुटाए गए। इस बीच धीरज मोबाइल बंद कर फरार हो चुका था। मृतका के भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेंटाउन में मु0अ0सं0 91/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत धीरज पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पत्नी से विवाद के बाद तलाक की बात ने बदली मानसिकता
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक धीरज का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में ही रह रहा था। घटना के बाद मोबाइल बंद कर देने के कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण थी।
पुलिस ने सुराग तलाश करते हुए उसके बारे में जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी आधार पर 23 सितंबर को धीरज पंवार उर्फ लल्लू (30) पुत्र सुशील कुमार, निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
सहारनपुर से तमंचा खरीदा, रातभर की रेकी
पूछताछ में धीरज ने पुलिस को बताया कि उसका काजल से करीब 12 वर्ष पहले विवाह हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर में काजल के मायके में रह रहा था। पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विभिन्न बातों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीने से काजल उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी।
धीरज को करीब एक माह पहले जानकारी मिली कि काजल उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक इसी बात से वह आक्रोशित हो गया और उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत सहारनपुर से 315 बोर का देसी तमंचा खरीदा। घटना से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून आया और घटनास्थल के पास निर्माणाधीन भवन में छिपकर घर की रेकी करता रहा।
सुबह मौका देखकर उसने घर में लगा टीन का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद बिस्तर पर गहरी नींद में सो रही काजल पर दो फायर किए और मौके से फरार हो गया।
हत्या में इस्तेमाल तमंचा और खून लगी शर्ट बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद फरार आरोपी को पकड़ने के लिए तकनीकी और मैनुअल दोनों स्तर पर प्रयास किए गए।
ये रही पुलिस टीम
थाना क्लेमेंटटाउन: उपनिरीक्षक लोकपाल परमार (थानाध्यक्ष), उपनिरीक्षक विवेक भंडारी (चौकी प्रभारी आशारोड़ी), हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल धनवीर सिंह, कांस्टेबल ईदु खान और कांस्टेबल चालक कृष्ण कुमार।
एसओजी देहरादून: उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हेड कांस्टेबल किरण, कांस्टेबल आशीष राठी और कांस्टेबल मनोज सुंदरियाल।



