crimeराजनीति

उत्तराखंड के विधायक के फार्म हाउस में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दरोगा समेत 04 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में है खानपुर विधायक उमेश कुमार का फार्म हाउस, पीड़ित युवती हरियाणा की

Rajkumar Dhiman, Dehradun: अमरोहा में हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से फार्म हाउस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवानों पर है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जिस फार्म हाउस में घटना हुई, वह उत्तराखंड की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, युवती हरियाणा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 20 सितंबर को उसकी एक सहेली से बातचीत हुई थी। इसके बाद सहेली के माध्यम से उसकी मुलाकात CRPF के हेड कांस्टेबल मोहित से होने की बात सामने आई। मोहित ने उसे सोनीपत बुलाया था। 21 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे युवती सोनीपत पहुंची, जहां मोहित उसे अपनी ब्रेजा कार से मेरठ ले गया। रास्ते में उसने अपने साथी CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी कार में बैठा लिया। लालाराम राजस्थान के अलवर जिले के नहरोट थाना क्षेत्र के खातनखेड़ा गांव का निवासी है।

युवती के बयान के मुताबिक, दोनों उसे लेकर अमरोहा के हसनपुर पहुंचे। हसनपुर कोतवाली के गेट पर उनकी मुलाकात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी झुलपुरी (रझोहा) गांव के पास स्थित फार्म हाउस पहुंचे। वहां दो कमरे लिए गए। कुछ देर बाद हसनपुर कोतवाली का हेड कांस्टेबल प्रमोद मलिक खाना और शराब लेकर पहुंचा। इसके बाद चारों पुरुषों ने एक कमरे में बैठकर खाना खाया और शराब पी, जबकि युवती दूसरे कमरे में थी।

आरोप है कि कुछ देर बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर युवती के कमरे में पहुंचे और उसके साथ जबरदस्ती की। तीनों के बाहर जाने के बाद प्रमोद मलिक कमरे में पहुंचा। युवती ने उसे धक्का देकर बाहर किया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने इंटरनेट पर अमरोहा पुलिस का नंबर खोजा और रात में ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।

एसपी लाखन सिंह यादव के अनुसार, 22 सितंबर की देर रात पुलिस को महिला के साथ जबरदस्ती किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से जानकारी ली। उसकी शिकायत के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। देर शाम मुरादाबाद के डीआइजी मुनिराज जी. भी अमरोहा पहुंचे और एसपी से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपितों को मीडिया के सामने पेश नहीं किया।

विधायक के फार्म हाउस का भी आया नाम
पुलिस के मुताबिक, घटना जिस फार्म हाउस में हुई, वह हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में झुलपुरी (रझोहा) गांव के पास गजरौला जाने वाले लिंक मार्ग पर स्थित है। यह फार्म हाउस हरिद्वार जिले के खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। इसे ‘डीडी ब्रदर्स फार्महाउस’ के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 2022 में यहां चोरी की घटना के बाद भी यह फार्म हाउस चर्चा में आया था।

मामले में विधायक उमेश शर्मा का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके पीए जुबेर काजमी ने बताया कि विधायक की थेरेपी चल रही है और वह खानपुर में एक रैली में थे। उनके अनुसार, कमर में दर्द के कारण विधायक से तत्काल बातचीत नहीं हो सकी। पीए ने कहा कि मामले की जानकारी विधायक कार्यालय की ओर से गुरुवार सुबह 11 बजे दी जाएगी।

बताया गया है कि कई एकड़ में फैले इस फार्म हाउस में 20 से अधिक कुत्ते हैं और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था के तहत एचडी कैमरे लगे हैं। यहां प्रवेश विधायक की अनुमति से होने की बात कही गई है। फार्म हाउस में क्रिकेटर सुरेश रैना और मोहम्मद शमी समेत कई क्रिकेटरों के आने का भी दावा किया गया है। यहां आइएएस और आइपीएस अधिकारियों के ठहरने की बात भी सामने आई है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल युवती के बयान, मेडिकल परीक्षण और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button