
Rajkumar Dhiman, Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अंकिता की निजी वॉट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में दोनों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज हो गई है। बुधवार शाम करीब सात बजे अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में यह मुकदमा दर्ज किया गया। अब मामले को हरिद्वार जिले में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस कार्रवाई के पीछे अंकिता के माता-पिता का लगातार चल रहा विरोध प्रदर्शन रहा। परिवार बुधवार सुबह से गांधी पार्क में धरने पर बैठा था। उनके साथ सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना भी मौजूद थीं। परिजनों की मांग थी कि विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। शाम को अंकिता के माता-पिता कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन से मुलाकात की। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज की गई। धरने को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह ने भी समर्थन दिया।
विवाद की शुरुआत 15 नवंबर को हरिद्वार में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस से हुई थी। पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने अपने बेटे का मुकदमा लड़ रहे अधिवक्ता के साथ मीडिया के सामने अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही वॉट्सएप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्नों का हवाला दिया था। उन्होंने दावा किया था कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी तथा उसकी मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। अंकिता के परिवार ने इस प्रस्तुति को बेटी की छवि खराब करने और चरित्रहनन की कोशिश बताया है।
परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि अंकिता और पुष्पदीप के बीच हुई बातचीत निजी थी और व्यक्तिगत विश्वास के आधार पर की गई थी। इसे सार्वजनिक माध्यमों से प्रसारित करने का कोई वैधानिक या न्यायोचित आधार नहीं था। शिकायत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में हुई कार्यवाही का भी उल्लेख किया गया है। परिजनों के मुताबिक, बचाव पक्ष ने इसी निजी बातचीत के आधार पर अंकिता से जुड़े सवाल पूछने की कोशिश की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें अप्रासंगिक मानते हुए मृतका की निजता और गरिमा से संबंधित ऐसे सवालों की अनुमति नहीं दी थी। परिवार का आरोप है कि चैट सार्वजनिक होने से अंकिता की स्मृति और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा उन्हें गहरा मानसिक आघात हुआ है।
इससे पहले 22 नवंबर की देर रात भी अंकिता के माता-पिता योगिता भयाना के साथ राजपुर थाने पहुंचे थे। उन्होंने विनोद आर्य के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, 16 नवंबर को हरिद्वार में पहाड़ी महासभा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के मामले में नगर कोतवाली में शिकायत दी थी। मंगलवार को अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने एसपी सिटी के माध्यम से डीजीपी को ज्ञापन भेजकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज करने और आर्य परिवार की संपत्ति जब्त करने की मांग की थी।
कथित वीआईपी की भूमिका की जांच और नियुक्ति रोकने की मांग
निजी चैट प्रकरण के साथ अंकिता के माता-पिता ने हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल पर भी अपना रुख स्पष्ट किया है। परिवार की मांग है कि सीबीआई जांच के जरिए कथित वीआईपी की पहचान उजागर की जाए और उसकी भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल हो। पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने जांच सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग भी उठाई है।
परिवार ने यह भी मांग की है कि कथित वीआईपी एंगल की सीबीआई जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति वापस ली जाए। परिवार ने अपने आरोपों के संदर्भ में गौतम का नाम उठाया है। हालांकि, दुष्यंत कुमार गौतम इन आरोपों से इनकार कर चुके हैं और मानहानि की कार्रवाई भी शुरू कर चुके हैं।
जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब मामला हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा। इस घटनाक्रम ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवाद को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।



