crime

वसंत विहार में नौकरानी के पति ने साथियों संग की लूट, आंखों में डाला मिर्ची वाला स्प्रे

परिवार के सदस्यों के हाथों से भी उतरवाए सोने के कंगन, एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए आरोपी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून के पॉश इलाके बसंत विहार में घरेलू नौकरानी के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों ने देर रात घर में घुसकर परिवार के सदस्यों की आंखों में स्प्रे छिड़क दिया, जिससे वे असहाय हो गए। इसका फायदा उठाकर आरोपित घर से करीब एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। आरोपितों ने परिवार के सदस्यों के हाथों में पहने सोने के कंगन तक उतरवा लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार देर रात बसंत विहार थाना क्षेत्र के कांवली गांव की है। यहां रमेश कौर अपने परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने घर के कामकाज के लिए एक महिला को घरेलू सहायिका के रूप में रखा था। बताया जा रहा है कि नौकरानी करीब डेढ़ साल तक पीड़िता के घर में काम करती रही और अपने पति के साथ घर के ऊपर बने कमरे में रहती थी। हालांकि, करीब डेढ़ महीने पहले नौकरानी और उसका पति घर छोड़कर चले गए थे।

आरोप है कि सोमवार देर रात नौकरानी का पति अपने कुछ साथियों के साथ घर पहुंचा। इसके बाद आरोपितों ने परिवार के सदस्यों की आंखों में स्प्रे छिड़क दिया। स्प्रे के प्रभाव से परिवार के सदस्य असहाय हो गए और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहे। इसके बाद आरोपितों ने घर में रखी नकदी और आभूषण समेटने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों के हाथों में पहने सोने के कंगन भी उतरवा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित करीब एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पॉश इलाके में हुई इस वारदात ने घरेलू सहायकों के पुलिस सत्यापन और घरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button