crimeDehradun

मस्जिद में होली खेलने की चेतावनी, काली सेना के अध्यक्ष जोशी को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था धमकी का वीडियो, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में होली से ठीक पहले माहौल गरमाने की कोशिश पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मस्जिद में कार्यकर्ताओं के साथ रंग खेलने की चेतावनी देने वाले देवभूमि काली सेना के अध्यक्ष भूपेश जोशी को देहरादून पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया है। रायपुर स्थित उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, भूपेश जोशी ने करीब एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उन्होंने थाना क्षेत्र की एक मस्जिद को अवैध बताते हुए प्रशासन से उसे ध्वस्त करने की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो वे होली के दिन अपने समर्थकों के साथ मस्जिद पहुंचकर रंग खेलेंगे। वीडियो वायरल होते ही मामला संवेदनशील हो गया। स्थानीय स्तर पर तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया।

होली से पहले पुलिस की एहतियाती कार्रवाई
होली जैसे संवेदनशील पर्व पर किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए देहरादून पुलिस ने त्वरित कदम उठाया। भूपेश जोशी को उनके रायपुर स्थित आवास पर ही नजरबंद कर दिया गया। उनसे मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई है। घर के बाहर पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नजरबंदी के बाद भी जारी हुआ नया वीडियो
हाउस अरेस्ट के बावजूद भूपेश जोशी ने एक और वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका आज मस्जिद में होली खेलने का कार्यक्रम था, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर में ही रोक दिया। उन्होंने वीडियो में अपने घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को भी दिखाया और समर्थकों को संदेश देते हुए कहा कि “होली तो खेलेंगे, अभी नहीं तो बाद में।” साथ ही कार्यकर्ताओं को थानों में पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने की शुभकामनाएं दीं।

प्रशासन अलर्ट मोड में
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी भड़काऊ बयान या गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देहरादून में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button