नैनीताल घूमने आई युवती का दरिंदे से पड़ा पाला, अस्मत बचाने को घने जंगल में गुजारी रात
दिल्ली से नैनीताल घूमने आई पर्यटक के साथ टैक्सी ड्राइवर ने की जबरदस्ती की कोशिश, विरोध पर मारपीट

Round The Watch Desk: शांत वादियों और सुकून की तलाश में दिल्ली से नैनीताल आई एक युवती को रास्ते में ऐसी हैवानियत का सामना करना पड़ा, जिसने पहाड़ की शांति को भी शर्मसार कर दिया। नशे में धुत टैक्सी चालक ने उसे सुनसान जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन हिम्मत दिखाते हुए युवती उसके चंगुल से छूटकर नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग निकली और पूरी रात सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में छिपकर अपनी अस्मिता की रक्षा करती रही। यह सनसनीखेज घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह देहरादून से शाम को हल्द्वानी पहुंची थी और वहां से नैनीताल जाने के लिए टैक्सी बुक की। टैक्सी चालक की पहचान हल्द्वानी निवासी दीपक बोरा के रूप में हुई है।
नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले चालक ने अचानक कार को मुख्य सड़क से हटाकर जंगल की ओर मोड़ दिया। युवती ने इसका विरोध किया तो चालक ने गाड़ी तेज भगा दी और करीब दो किलोमीटर आगे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।
लेकिन साहस जुटाते हुए युवती किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गई और नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग पड़ी। घायल अवस्था में अंधेरे जंगल में भागती युवती सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में जाकर छिप गई और पूरी रात वहीं डरी-सहमी बैठी रही।
आठ घंटे तक जंगल में संघर्ष
पीड़िता ने करीब आठ घंटे तक जंगल में छिपकर रात गुजारी। उसे जंगली जानवरों का डर भी था, लेकिन उस समय उसे उस दरिंदे से बचना ज्यादा जरूरी लगा।
सुबह उजाला होने पर उसने हिम्मत जुटाई और जंगल से निकलकर सड़क की ओर आई। बल्दियाखान क्षेत्र में उसे एक महिला मिली, जिसे उसने पूरी घटना बताई। महिला और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
“प्रकृति ने अपनी गोद में छिपाकर बचा लिया”
घटना के बाद युवती बेहद भावुक हो गई। उसने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी है और अक्सर शांत जगहों पर घूमने जाती है।
उसने कहा, “मुझे लगता है कि उसी प्रकृति ने मुझे अपनी गोद में छिपाकर उस हैवान से बचा लिया। अगर मैं जंगल में नहीं छिपती तो पता नहीं क्या हो जाता।”
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




