मेडिकल स्टोर पर STF व एफडीए का छापा, नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयां बरामद
जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर सील, संचालक समेत दो लोगों पर औषधि अधिनियम के तहत कार्रवाई, नशे के नेटवर्क की जांच जारी

Round The Watch Desk: नशे के अवैध कारोबार और नशीली दवाइयों के दुरुपयोग के खिलाफ उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ की एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने नैनीताल जिले के मुखानी रोड स्थित जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर व्यवसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं।
कार्रवाई के बाद औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर को अग्रिम कार्रवाई तक सील कर दिया। मामले में मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर और मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय पुत्र उपकार वार्ष्णेय, निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी मौके पर मौजूद मिले।
व्यवसायिक मात्रा में मिली नशीली दवाइयां
एसटीएफ के अनुसार, मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान व्यवसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। प्रेस विज्ञप्ति में हालांकि बरामद दवाइयों और इंजेक्शनों की संख्या तथा उनके नाम का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है। औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। दोनों व्यक्तियों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
दवाओं की सप्लाई चेन खंगाल रही STF
एसटीएफ अब इस मामले में प्रतिबंधित दवाइयों के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मेडिकल स्टोर तक नशीली दवाइयों और इंजेक्शनों की आपूर्ति कहां से हुई और इनके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। एसटीएफ के मुताबिक, नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार तथा इनके दुरुपयोग में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इन टीमों ने की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन में हुई कार्रवाई में एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे। औषधि प्रशासन विभाग की ओर से निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।



