DehradunForest And Wildlife

वन विकास निगम में बड़ा घोटाला! एक ही दिन दो-दो होटल, लाखों की फर्जी बिलिंग उजागर

देहरादून में मौजूदगी के दौरान विदेश में होटल और निजी खर्च को लेकर गंभीर आरोप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड वन विकास निगम मुख्यालय से जुड़ा एक चौंकाने वाला वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है, जिसमें पिछले वर्ष की एक विदेशी यात्रा के दौरान लाखों रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप लगा है। मामला तत्कालीन प्रबंध निदेशक गिरिजा शंकर पांडेय से जुड़ा बताया जा रहा है।

देहरादून में होते हुए विदेश में होटल का बिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांडेय ने 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2025 के बीच विदेश यात्रा की, लेकिन हैरानी की बात यह है कि टूर एजेंसी को 01 अप्रैल से 5 अप्रैल 2025 तक हनोई के होटल Dolce में ठहरने के नाम पर 2,75,258 रुपये का भुगतान कर दिया गया। जबकि रिकॉर्ड के अनुसार 01 अप्रैल को वह देहरादून में मौजूद थे। ऐसे में हजारों किलोमीटर दूर हनोई में उसी दिन चेक-इन कैसे हुआ, यह बड़ा सवाल खड़ा करता है।

संदिग्ध विदेश यात्रा में 44 हजार की निजी खर्च कैसे?
इतना ही नहीं, इस यात्रा के दौरान व्यक्तिगत उपयोग के लिए खरीदे गए शॉल और टोपी का 44,880 रुपये का खर्च भी निगम के खाते से कराया गया, जो नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।

एक ही दिन दो-दो होटल में ठहरने के भी बिल
मामला यहीं नहीं थमता। 6 और 7 अप्रैल 2025 के लिए हनोई के Melia Hotel में 1,17,237 रुपये और 6 से 8 अप्रैल के बीच Saim Reap Hotel में 1,42,857 रुपये का भुगतान किया गया। यानी एक ही तारीख पर दो अलग-अलग होटलों में ठहरने का बिल निगम को थमाया गया।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि 4 और 5 अप्रैल को क्रूज में ठहरने और यात्रा के लिए 3,50,191 रुपये का अलग से भुगतान किया गया, जबकि उसी दौरान होटल Dolce का किराया भी जारी रहा। साफ है कि एक ही दिन में तीन-तीन जगह ठहरने के नाम पर भुगतान कर सरकारी खजाने को चूना लगाया गया।

इसके अलावा, पूरी विदेश यात्रा में यात्रा, ठहराव और भोजन आदि का खर्च नियमानुसार स्वयं वहन करने के बजाय टूर एजेंसी के माध्यम से कराया गया। आरोप है कि टूर एजेंसी के चयन में भी टेंडर या कोटेशन जैसी अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।

प्रथम दृष्टया यह मामला बड़े पैमाने पर वित्तीय धांधली और नियमों की अनदेखी की ओर इशारा करता है। अब देखना होगा कि शासन स्तर पर इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button