उत्तराखंड में नशे का जहर घोल रही महिला आई चंगुल में, हीरोइन की खेप पकड़ी
STF की बड़ी कार्रवाई: 133 ग्राम हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, कीमत 40 लाख आंकी गई

Round The Watch, Desk: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने थाना किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए लालपुर चौकी क्षेत्र से 133 ग्राम हेरोइन बरामद कर एक शातिर महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर (42 वर्ष), निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा (जनपद उधमसिंह नगर) के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में की गई। राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पूछताछ में अभियुक्ता ने खुलासा किया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर किच्छा, रुद्रपुर और हल्द्वानी समेत आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करती थी। वह पिछले करीब डेढ़ साल से इस अवैध धंधे में सक्रिय थी। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता पूर्व में कच्ची शराब के मामले में जेल भी जा चुकी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में STF एंटी नार्कोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विनोद चंद्र जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कोतवाली किच्छा पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस अब इस मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है और नशे के इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।



