
Round The Watch News: देहरादून के प्रतिष्ठित डीएवी पीजी कॉलेज का छात्रसंघ समारोह इस बार गंभीर विवादों के घेरे में आ गया है। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर मंच से अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगने के बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब इसी समारोह के दौरान छात्रों के बीच झड़प और चाकूबाजी की घटना ने पहले ही माहौल को तनावपूर्ण बना दिया था। अभद्र भाषा के प्रयोग के दौरान मंच पर हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र के विधायक उमेश कुमार भी थे। उन्होंने एक दफा गायक से माइक भी छीन लिया था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो और अन्य तथ्य आए हैं, जिनमें कार्यक्रम के दौरान मंच से अपमानजनक भाषा के प्रयोग की बात सामने आई है। डालनवाला पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र संघ सप्ताह के समापन समारोह में प्रदेश के कई राजनीतिक और छात्र संगठन नेताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने के बाद जैसे ही वह रवाना हुए, कॉलेज परिसर में माहौल बिगड़ गया। छात्रों के दो गुटों में तीखी झड़प हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। इस दौरान एक छात्र के चाकू लगने की सूचना भी सामने आई, जिससे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मंच से गायक मासूम शर्मा को गाली-गलौज करते हुए देखा और सुना जा रहा है। वायरल क्लिप के बाद शिक्षा जगत और अभिभावकों के बीच भी सवाल उठने लगे हैं कि कॉलेज जैसे शैक्षणिक परिसर में इस तरह की भाषा और कार्यक्रम प्रबंधन की अनुमति कैसे दी गई।
यह पहला मौका नहीं है जब डीएवी पीजी कॉलेज विवादों में आया हो। इससे पहले भी कॉलेज प्रशासन वित्तीय अनियमितताओं, छात्र आंदोलनों और सुरक्षा संबंधी मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। ऐसे में छात्रसंघ समारोह के दौरान लगातार सामने आ रहे विवाद कॉलेज प्रबंधन और आयोजकों की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहे हैं।
उधर, पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता, कार्यक्रम में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और आयोजन समिति की भूमिका की भी जांच कर रही है। यदि जांच में अभद्र भाषा और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप पुष्ट होते हैं, तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई संभव मानी जा रही है। हालांकि, बाद में गायक मासूम का एक और वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह माफी मांगते नजर आ रहे हैं। कह रहे हैं कि एक बदमाश उनके होटल के चक्कर काट रहा था। उन्होंने उसे मंच से ललकारा था।



