crimeUttarakhandराजनीति

अंकिता हत्याकांड मामले में सुरेश राठौड़ का नहीं होगा नार्को टेस्ट, गांधीनगर से वापस लौट रहे

मेडिकल जांच में अनफिट मिले सुरेश राठौर, बेटे ने बताई सिर की पुरानी चोट

Rajkumar Dhiman, Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआइपी के नाम को लेकर उठे विवाद के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर को बड़ा झटका लगा है। गुजरात के गांधीनगर में पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले हुई मेडिकल जांच में उन्हें अनफिट घोषित कर दिया गया है। ऐसे में फिलहाल उनका पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं हो सकेगा। बेटे लक्की राठौर के मुताबिक, गुरुवार को आई मेडिकल रिपोर्ट में उनके पिता को अनफिट बताया गया। इसकी वजह कई साल पहले हुआ एक सड़क हादसा है। हादसे में उनके सिर पर चोट लगी थी, जिसके निशान मेडिकल जांच के दौरान सामने आए हैं। सुरेश राठौर अब गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।

सुरेश राठौर 23 नवंबर को हरिद्वार से गांधीनगर के लिए रवाना हुए थे। वह पिछले तीन-चार दिनों से वहीं थे। अंकिता हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो और उसमें वीआइपी के जिक्र को लेकर सीबीआइ की जांच के सिलसिले में उनके और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की प्रक्रिया चर्चा में थी। इसके लिए दोनों को गांधीनगर में टेस्ट संबंधी औपचारिकताओं से गुजरना था। हालांकि, सुरेश राठौर की मेडिकल जांच में अनफिट आने के बाद उनके टेस्ट की संभावना फिलहाल टल गई है। उर्मिला सनावर की टेस्ट प्रक्रिया को लेकर स्थिति अलग से स्पष्ट होनी बाकी है।

कथित ऑडियो में वीआइपी के जिक्र से फिर गरमाया मामला
अंकिता भंडारी हत्याकांड करीब तीन साल बाद दिसंबर 2025 में उस समय फिर सुर्खियों में आया, जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कथित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। इन रिकॉर्डिंग में हत्याकांड से जुड़ी बातचीत और एक कथित वीआइपी का जिक्र होने का दावा किया गया। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई। वायरल सामग्री में उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार के नाम कथित वीआइपी के रूप में लिए जाने के दावे सामने आए। हालांकि, इन दावों की सत्यता अब भी जांच का विषय है।

मामले में अंकिता के पिता ने भी कथित वीआइपी की पहचान सामने लाने और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई थी। दूसरी ओर, दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि खराब करने की साजिश बताया। जनवरी 2026 में उन्होंने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके खिलाफ भ्रामक ऑडियो-वीडियो तैयार कर प्रसारित किए गए।

दिल्ली हाईकोर्ट से गौतम को मिली थी अंतरिम राहत
कथित ऑडियो-वीडियो विवाद के बाद दुष्यंत कुमार गौतम ने दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि याचिका दायर की थी। जनवरी 2026 में अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कुछ अन्य सोशल मीडिया हैंडल को संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए थे। इस बीच ऑडियो में किए गए दावों की जांच और उनकी प्रमाणिकता का सवाल लगातार बना हुआ है।

सीबीआइ ने दोनों से जुटाई जानकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआइ ने जांच आगे बढ़ाते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ की। सीबीआइ की टीम हरिद्वार पहुंचकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, जेल से बाहर आने के बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने देहरादून में जांच एजेंसी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। दोनों से पूछताछ और बयान दर्ज करने के बाद नार्को टेस्ट की संभावित प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हुई थी। अब सुरेश राठौर के मेडिकल जांच में अनफिट होने से इस प्रक्रिया पर असर पड़ा है।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड
18 सितंबर 2022 को पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था। अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई। मुकदमे और जांच के दौरान अंकिता पर एक कथित वीआइपी को अतिरिक्त सुविधाएं देने का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, उस कथित वीआइपी की पहचान को लेकर सवाल उठते रहे।

अंकिता के परिजनों की ओर से लगातार न्याय और मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की जाती रही है। इसी पृष्ठभूमि में उत्तराखंड सरकार ने प्रकरण की सीबीआइ जांच की सिफारिश की थी। अब कथित ऑडियो-वीडियो में सामने आए दावों, उनमें लिए गए नामों और संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर जांच पर निगाहें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button