
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के सहस्रधारा रोड स्थित पॉश एटीएस कालोनी में एक बार फिर बिल्डर पुनीत अग्रवाल की दबंगई देखने को मिली है। नगर निगम की जमीन पर दीवार का निर्माण करवा करा रहे बिल्डर का जब डीआरडीओ में तैनात साइंटिस्ट ने विरोध किया तो बिल्डर ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। हंगामा होने पर इसकी शिकायत पीड़ित की पत्नी शिखा ने रायपुर थाने में दी। इस मामले में रायपुर थाना पुलिस ने आरोपी बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मुकदमा भी पुलिस ने तब दर्ज किया, जब कॉलोनी के लोग बड़ी संख्या में थाने में जमा हुए।
पुलिस को दी तहरीर में डीआरडीओ में तैनात सीनियर साइंटिस्ट शिखा ने बताया कि उनके पति अनिरुद्ध शर्मा भी डीआरडीओ में साइंटिस्ट हैं। सोमवार दोपहर को बिल्डर पुनीत अग्रवाल की ओर से नगर निगम/एमडीडीए की जमीन पर कब्जा करके दीवार निर्माण का कार्य किया जा रहा था। प्लाट का मलबा उनके घर की तरफ गिर रहा था।
इसको लेकर उनके माली ने बिल्डर पुनीत अग्रवाल से मेरे घर की तरफ मिट्टी डालने और पौधों को नुकसान पंहुचाने के संबंध में बात की और आपत्ति जताई। आरोप है कि पुनीत अग्रवाल ने उनके माली, सास और ससुर के साथ गाली गलौज कर दिया। तहरीर के अनुसार इसी बात को लेकर उनके पति अनिरुद्ध शर्मा ने पुनीत अग्रवाल को समझाने का प्रयास किया तो उसने अचानक उनके पति पर हमला कर दिया। बिल्डर ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए उनके पति के साथ मारपीट भी शुरू कर दी।
शिकायत में शिखा ने कहा कि उन्होंने भी बचाव किया तो आरोपी ने गंदी गालियां दी व उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा। अपने साथ खड़े लोगों से पुनीत अग्रवाल ने चीखते हुए कहा कि आओ इन लोगों को आज जान से मारकर जिंदा गाड़ देते हैं।
मारपीट के दौरान उनके पति को काफी चोर्ट आई हैं। थानाध्यक्ष रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर पर बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में।जानकारी जुटाई जा रही है।
दीपावली के दौरान दिखाई थी पिस्टल, अध्यक्ष से मारपीट
बिल्डर पुनीत अग्रवाल की ओर से एटीएस कालोनो में मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बिल्डर ने दीपावली के दौरान पिस्टल लहरा दी थी, जिसके चलते डीएम ने उनका शस्त्र लाइसेंस रद्द करवा दिया था। इसके बाद इसी बिल्डर पर एसटीएस कॉलोनी के अध्यक्ष और कॉलोनी के निवासी एक जीएसटी अफसर के साथ भी मारपीट के आरोप लगे हैं।
पुलिस पर लगे हैं सहयोग करने के आरोप, जिम्मेदार मौन
एटीएस कालोनो में कई अधिकारी पुनीत अग्रवाल पर मारपीट के आरोप लगा चुके हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। एटीएस कालोनो में रहने वाले अधिकारियों का कहना है बिल्डर को पुलिस अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। इसलिए बिल्डर पर सख्त कार्रवाई नहीं होती। हैरानी की बात यह भी है कि जिम्मेदार आला अफसर भी मौन नजर आते हैं। यह स्थिति तब है, जब बिल्डर की गुंडागर्दी के तमाम वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर साफ गवाही दे रहे हैं।



