crimeUttarakhand

नैनीताल घूमने आए युवक की हत्या, दोस्तों ने खाई से नीचे फेंका, मृतक के भाई का आरोप

पांच दिन बाद टूटा पहाड़ में मिला शव, पुलिस गहन जांच में जुटी

Round The Watch News: नैनीताल की सैर पर आया एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया और पांच दिन बाद उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में मृतक के भाई और अन्य परिजनों ने उसके साथ आए तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गया। बताया जा रहा है कि आखिरी बार उसे तल्लीताल रोडवेज बस अड्डे क्षेत्र के आसपास देखा गया था। उसके लापता होने के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन शुरुआती दिनों में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

लगातार 05 दिन की तलाश के बाद सोमवार को दीपक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही, युवक के साथ आए तीनों दोस्तों से भी कई दौर की पूछताछ की गई। हालांकि शुरुआती चार दिनों तक मामले में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई थी।

मृतक के परिजनों का कहना है कि दीपक का इस तरह अचानक गायब होना और फिर शव मिलना सामान्य घटना नहीं हो सकती। उन्होंने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, दोस्तों का दावा है कि घटना के समय वे सामान खरीदने में व्यस्त थे और इसी दौरान दीपक उनसे अलग हो गया। उनका कहना है कि उन्हें भी उसके गायब होने की जानकारी बाद में ही मिली।

पुलिस अब मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है, जो घटनास्थल और शव से जुड़े साक्ष्यों की गहन जांच करेगी।

थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button