वीडियो: केदारनाथ और बदरीनाथ में युवती और युवकों का चोर गिरोह सक्रिय, 14 लाख के मोबाइल मिले
किआ और टाटा नेक्सन कार में आकर दे रहे थे चोरी और टप्पेबाजी को अंजाम, 04 गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का चमोली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 04 सदस्यों (एक युवती और तीन युवक) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें आईफोन और सैमसंग एस-24 अल्ट्रा जैसे हाई-एंड स्मार्टफोन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पंजाब, जबकि एक राजस्थान निवासी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासतौर पर स्नान घाटों और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाता था। आरोपी मौका पाकर उनके कीमती सामान और मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे।
इस पूरे मामले की शुरुआत 27 अप्रैल को हुई, जब पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चंद्र ने कोतवाली बदरीनाथ में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके दस्तावेज और नकदी चोरी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एक विशेष एंटी-थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया।
जांच के दौरान सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हनुमान चट्टी क्षेत्र में घेराबंदी की। यहां 02 संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 13 मोबाइल फोन और 58,860 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई किआ कार और टाटा नेक्सन सहित दोनों वाहनों को सीज कर दिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले केदारनाथ धाम में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और अब बदरीनाथ क्षेत्र में सक्रिय होने की योजना बना रहे थे। बरामद मोबाइल फोन में से एक आईफोन 15 प्रो मैक्स के संबंध में सोनप्रयाग थाना में पहले से मुकदमा दर्ज पाया गया है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
-कृष्ण कुमार (28) निवासी वाल्मिकी मोहल्ला थाना मोरमंडी जिला भटिंडा पंजाब।
– दिया (25) निवासी मोरमंडी भटिंडा पंजाब।
– सुनील कुमार (26), निवासी ग्राम नगला सवाई राम सिंह थाना कुमेर जिला भरतपुर राजस्थान, हाल निवासी मोरमंडी भटिंडा पंजाब।
– ललित कुमार (31), निवासी ग्राम पूर तहसील कोट कासिम थाना कोट कासिम जिला अलवर राजस्थान।



