
RTW News, Dehradun: राजधानी देहरादून में स्पा सेंटरों की बाढ़ आ गई है। यहां जिन महिलाओं को काम पर रखा जा रहा है, उनका कोई अता-पता नहीं दर्ज किया जा रहा। जिस कारण इस पेशे में किसी भी चरित्र वालों को अवसर मिलने से व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में हॉलीवुड स्पा सेंटर में 05 महिलाओं को इसी तरह बिना सत्यापन के रखा गया था। पुलिस ने सेंटर पर छापा मारकर महिलाओं और संचालक पर चालानी करते हुए स्पा सेंटर को बंद करा दिया।
मकान मालिक भी नहीं बचा
इस पूरे मामले में मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की गई। जिन महिलाओं को बिना सत्यापन के किराये पर रखा गया था, उस भवन स्वामी के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। यानी अब सिर्फ व्यवसायी ही नहीं, बल्कि मकान मालिक भी कानून के दायरे में हैं।
पूरे जिले में चल रहा है सख्त सत्यापन अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पूरे जनपद में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत होटल, ढाबे, स्पा सेंटर, फड़-फेरी और अपार्टमेंट जैसी जगहों पर काम करने वाले हर व्यक्ति का अनिवार्य सत्यापन किया जा रहा है।
साफ संदेश: नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय
देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना सत्यापन के कर्मचारी रखना अब जोखिम भरा है।नियमों की अनदेखी करने वालों पर सीधा एक्शन होगा और “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी जारी रहेगा



