होटल की पांचवीं मंजिल से टूटी लिफ्ट, 06 पर्यटक थे सवार
ऋषिकेश में होटल टस्क में हुआ हादसा, एम्स में भर्ती कराए गए घायल पर्यटक

Amit Bhatt, Dehradun: ऋषिकेश के वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में देर रात बड़ा हादसा हो गया। होटल की पांचवीं मंजिल से एक लिफ्ट अचानक टूटकर सीधे नीचे आ गिरी, जिससे उसमें सवार छह पर्यटक घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ऋषिकेश) में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक पत्रकार भी शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद से करीब 25 से 30 लोगों का एक ग्रुप उत्तराखंड घूमने आया था। समूह के सदस्य हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल भ्रमण पर थे और ऋषिकेश प्रवास के दौरान वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में ठहरे हुए थे।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच समूह के कई सदस्य होटल की पांचवीं मंजिल पर बने रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। भोजन करने के बाद जब 5 से 6 लोग लिफ्ट से नीचे आने लगे, तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते लिफ्ट पांचवीं मंजिल से सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी, जिससे अंदर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मनोज सूर्यवंशी, वरुण कुमार, रूपेश और चेतन समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों के अनुसार चेतन के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य लोगों के हाथों और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पर्यटकों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और लिफ्ट गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।



