Uttarakhandआपदा प्रबंधन

वीडियो: आग का गोला बनी चलती वॉल्वो बस, 30 यात्री थे सवार

देहरादून से दिल्ली जा रही ही बस, सर्वानंद घाट के पास हुआ हादसा

Round The Watch News: हरिद्वार में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। देहरादून से दिल्ली जा रही एक वॉल्वो बस में सर्वानंद घाट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। बस चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस और यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। बस में कोटा, राजस्थान के 30 यात्री सवार थे।

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

डीजल रिसाव के बाद भड़की आग, देखते ही देखते बस बनी आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वॉल्वो बस देहरादून से दिल्ली की ओर जा रही थी। सर्वानंद घाट के सामने पहुंचते ही बस से डीजल रिसाव होने लगा। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दूर से ही धुएं का गुबार और लपटें दिखाई दे रही थीं।

चालक-परिचालक की सतर्कता से बची यात्रियों की जान
बस में आग लगते ही चालक और परिचालक ने तत्काल स्थिति को भांप लिया। उन्होंने बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन कई लोगों को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। आग लगने से यात्रियों का सामान भी बस के साथ जल गया।

हाईवे पर लगा जाम, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
चलती बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला।

कुछ दिन पहले बहादराबाद में भी जली थी वॉल्वो बस
यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले बहादराबाद थाना क्षेत्र में भी एक वॉल्वो बस में आग लग गई थी। उस दौरान ऋषिकेश से दिल्ली जा रही बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। हालांकि उस घटना में भी सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लंबी दूरी की बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button