crimeDehradunUttarakhand

भाजपा नेता हत्याकांड में 04 गिरफ्तार, आग के हवाले किया एक आरोपी का घर

सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में प्रशासन के बुलडोजर एक्शन के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, आरोपियों के अवैध भवनों को बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रिहा। तनाव के बीच विरोध उग्र रूप भी ले रहा है। जिसके चलते कुछ ग्रामीणों में ध्वस्तीकरण के अछूते रह गए एक आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया। गनीमत रही कि घर में कोई मौजूद नहीं था। वहीं, शांति व्यवस्था के दौरान कुछ लोगों में पुलिस पर पथराव भी कर दिया। जिसके बाद स्थिति को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

 

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी रंजिश चली आ रही थी और पिछले दो-तीन दिनों से सिंचाई के पानी को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया।

आरोप है कि एक पक्ष से रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इन्तेजार समेत 30 से 40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार उर्फ विनोद कश्यप की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

मृतक के भाई अशोक कुमार पुत्र भगवत प्रसाद की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा संख्या 134/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 109, 191(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में नामजद अन्य आरोपियों और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
-रज्जाक पुत्र मासूम
-सलमान पुत्र यूनुस
-जावेद पुत्र मासूम
-शहबाज पुत्र शहीद

एसएसपी की अपील, बनाए रखें शांति व्यवस्था
एसएसपी देहरादून ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैरागीवाला हत्याकांड में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का फोकस अब फरार नामजद आरोपियों और घटना में शामिल अन्य लोगों को कानून के शिकंजे में लाने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button