
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए अमेरिकी नागरिक समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी, अमेरिकी डॉलर, ताश की गड्डियां, चिप्स और पासे बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहस्रधारा रोड स्थित तिब्बती कॉलोनी के एक मकान में अवैध रूप से कसीनो जैसी गतिविधियां संचालित होने और हार-जीत की बड़ी बाजियां लगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए राजपुर पुलिस ने बुधवार को टीम गठित कर संबंधित मकान पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर कई लोग ताश, चिप्स और नकदी के साथ जुआ खेलते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि जुए के इस अड्डे पर स्थानीय लोगों के साथ बाहरी लोग भी पहुंच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में तिब्बती कॉलोनी, सहस्त्रधारा रोड, कुल्हान और नालापानी क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। वहीं एक आरोपी अमेरिका का रहने वाला बताया गया है, जिससे मामले ने और भी चर्चा बटोर ली है।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद, 41 अमेरिकी डॉलर, 104 ताश के पत्ते, 118 गेमिंग चिप्स, बड़ी संख्या में डाइस (पासे) और ताश की 165 अतिरिक्त गड्डियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां लंबे समय से सुनियोजित तरीके से जुए का खेल संचालित किया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी जुए में लगाई गई बाजियों और जीत-हार से संबंधित थी। इसके बाद पुलिस ने सभी 13 आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर ली।
अब पुलिस इस बात की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है कि यह अवैध जुआ अड्डा कब से संचालित हो रहा था, इसके आयोजन के पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके तार किसी बड़े या संगठित नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



