Uttarakhandराजनीति

भाजपा कार्यकर्ता जला रहे थे कांग्रेस का पुतला, कांग्रेसी विधायक खुद जा पहुंचे और फिर हुई भिड़ंत

द्वाराहाट के मुख्य बाजार चौक पर पैदा हुई तनाव की स्थिति, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: द्वाराहाट में भाजपा और कांग्रेस के बीच चल रहा राजनीतिक टकराव बुधवार को सड़क पर खुलकर सामने आ गया। दोनों दलों द्वारा प्रदर्शन और पुतला दहन के कार्यक्रम के बीच मुख्य बाजार क्षेत्र में ऐसा माहौल बना कि पुलिस को हस्तक्षेप कर स्थिति संभालनी पड़ी। कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के अचानक भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच जाने से विवाद और गहरा गया तथा कुछ समय के लिए मुख्य चौक राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया।

दरअसल, तीन दिन पूर्व आयोजित बहुद्देशीय शिविर को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस ने राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।

दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम घोषित किया था। अपराह्न जब भाजपा कार्यकर्ता मुख्य चौक पर विधायक का पुतला लेकर एकत्र हुए और प्रदर्शन शुरू करने लगे, तभी विधायक मदन सिंह बिष्ट अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि विरोध करना है तो वह स्वयं वहां मौजूद हैं, पुतला जलाने की बजाय उन्हें ही जला दें। विधायक की इस टिप्पणी के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। आरोप-प्रत्यारोप और नारेबाजी का दौर तेज हो गया। इसी दौरान कुछ कांग्रेस समर्थकों ने पुतले पर लगाए गए विधायक के पोस्टर को फाड़ दिया, जिससे माहौल और अधिक गर्मा गया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और मुख्य चौक पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करते हुए समझाइश दी और हालात को नियंत्रण में लिया। काफी मशक्कत के बाद तनाव कम हुआ। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुनः नारेबाजी करते हुए विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला दहन किया और अपना विरोध दर्ज कराया।

घटना के बाद क्षेत्र में पूरे दिन राजनीतिक सरगर्मी बनी रही। दोनों दलों के नेताओं ने एक-दूसरे पर राजनीतिक मर्यादाएं तोड़ने और माहौल बिगाड़ने के आरोप लगाए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button