कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर 5 सेंटर सील
हल्द्वानी में स्थानीय प्रशासन ने घुमाया डंडा, छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Amit Bhatt, Dehradun: लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर हल्द्वानी शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।
फायर सुरक्षा व्यवस्था की हुई विस्तृत जांच
संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन सुरक्षा उपायों और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच में कई संस्थानों में गंभीर कमियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार कुछ प्रमुख कोचिंग संस्थानों के पास फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी उपलब्ध नहीं था।
गंभीर अनियमितताओं पर 5 संस्थान सील
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। इसके अलावा एक अन्य संस्थान को चेतावनी जारी करते हुए आवश्यक फायर सुरक्षा मानकों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
इस अभियान में कई विभागों के अधिकारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार तथा फायर ब्रिगेड अधिकारी मिंदर पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
‘छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता‘
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हल्द्वानी में बड़ी संख्या में पढ़ते हैं छात्र
हल्द्वानी मेडिकल और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।



