crimeDehradun

हीरे और सोने के गहने चोरी किए और इंस्टाग्राम पर बनाई रील, मालकिन ने पहचानते ही बुलाई पुलिस

घरेलू सहायिका ही निकली गहने चोर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Amit Bhatt, Dehradun: राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में एक वर्ष पुरानी गहनों की चोरी का मामला सोशल मीडिया की वजह से फिर सुर्खियों में आ गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जिस घरेलू सहायिका पर शुरुआत में संदेह था, उसी के इंस्टाग्राम रील और WhatsApp स्टेटस में अपने चोरी हुए गहने देखकर उन्होंने पुलिस में दोबारा शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, नितिशा वत्स, निवासी सिक्का किमाया ग्रीन, दून आईटी पार्क, ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले जब वह दून रिपब्लिक अपार्टमेंट, भागीरथी पुरम, जाखन में रहती थीं, तब उनके घर से दो हीरे जड़ी अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक हीरे जड़ा पेंडेंट गायब हो गया था। इन सभी गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उस समय उन्हें घर में काम करने वाली विमला देवी पर संदेह हुआ था। जब उससे इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने चोरी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने खुद पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही और शिकायतकर्ता के साथ पुलिस के पास भी गई। उसके इस व्यवहार के कारण पीड़िता को लगा कि संभवतः चोरी किसी अन्य व्यक्ति ने की होगी। महिला ने बताया कि इसके बाद उन्होंने पूरे घर में कई बार गहनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

करीब एक वर्ष बाद, 29 जून की सुबह पीड़िता ने विमला देवी का WhatsApp स्टेटस और Instagram रील देखा। आरोप है कि इन वीडियो में वह वही सोने और हीरे के गहने पहने दिखाई दी, जो उनके घर से चोरी हुए थे। इसके बाद पीड़िता को विश्वास हो गया कि गहनों की चोरी घरेलू सहायिका ने ही की थी।

नितिशा वत्स ने बताया कि उन्होंने 29 जून को जाखन पुलिस चौकी में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें बताया गया कि उस समय चौकी में महिला कांस्टेबल उपलब्ध नहीं थी।

मामले के सामने आने के बाद राजपुर थाना पुलिस ने आरोपित महिला विमला देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button