Uttarakhand

UPCL के नए एमडी ध्यानी ने संभाली कमान, बोले—उपभोक्ता सेवा प्राथमिकता, संविदा कर्मचारियों को समान वेतन मिलने की उम्मीद

कार्यभार संभालते ही आधुनिकीकरण, स्मार्ट मीटरिंग और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर फोकस,

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को नया नेतृत्व मिल गया है। शासन की चयन प्रक्रिया के बाद नियुक्त किए गए पी.सी. ध्यानी ने शुक्रवार को यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता यूपीसीएल को उपभोक्ता-केंद्रित, आधुनिक और लाभ अर्जित करने वाली विद्युत वितरण कंपनी के रूप में स्थापित करना होगी। वहीं अगले ही दिन उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन सहित कर्मचारियों की अन्य ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा भी दिया।

चार दशक का अनुभव, पहले भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां

पी.सी. ध्यानी ऊर्जा क्षेत्र में लगभग चार दशक का अनुभव रखते हैं। उन्होंने वर्ष 1988 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद (हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर) से अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। इससे पहले वह पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) में निदेशक (मानव संसाधन) के साथ प्रभारी प्रबंध निदेशक का दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2016 से करीब चार वर्षों तक वह यूपीसीएल में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

उपभोक्ता सेवाओं में सुधार और डिजिटल बदलाव पर रहेगा जोर

कार्यभार ग्रहण करने के बाद ध्यानी ने कहा कि प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए वितरण नेटवर्क को मजबूत करने, स्मार्ट तकनीकों के उपयोग, स्मार्ट मीटरिंग, उपभोक्ता सेवाओं के डिजिटलीकरण और शिकायत निवारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को बिजली चोरी रोकने, बिलिंग दक्षता बढ़ाने, राजस्व संग्रहण में सुधार और परिचालन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।

मानसून और कुंभ की तैयारियों पर विशेष फोकस

नवनियुक्त एमडी ने अधिकारियों को आगामी मानसून को देखते हुए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अगले वर्ष आयोजित होने वाले दिव्य एवं भव्य कुंभ मेले के लिए निर्बाध विद्युत व्यवस्था समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी सहित लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया।

संविदा कर्मचारियों से मुलाकात, समान वेतन पर सकारात्मक आश्वासन

कार्यभार ग्रहण करने के अगले दिन उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पी.सी. ध्यानी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई दी। संगठन ने निगम हित में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक ने संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन सहित उनकी अन्य ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। संगठन ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव ऊर्जा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऊर्जा विभाग की कमान एक अनुभवी और ऊर्जावान अधिकारी को सौंपना सराहनीय निर्णय है।

अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों ने किया स्वागत

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर निवर्तमान प्रबंध निदेशक जी.एस. बुदियाल ने पी.सी. ध्यानी को शुभकामनाएं दीं। उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन, लेखा संवर्ग, हाइड्रो इम्प्लाइज यूनियन (इंटक) सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक, मुख्य अभियंता जसवंत सिंह, अमित कुमार, कंपनी सचिव प्रियंका दुआ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button