crime

राजधानी दून में युवक को करंट लगाया, लोहे की गर्म रॉड से दागा और गुप्तांग में पेचकस डाला

स्कूटी से टक्कर लगने के बाद दो युवक जबरन ले गए अपने साथ और दी तरह-तरह की यातनाएं 

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेहद अमानवीय हिंसा का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूटी से टक्कर मारने के बाद दो युवकों ने उसे जबरन अपने कब्जे में लिया, निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित एक दुकान में ले जाकर कई घंटों तक यातनाएं दीं। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

लालपुल के पास शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, जाखन निवासी युवक 3 जुलाई की शाम लालपुल के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे अंकुर वाल्मीकि की उससे टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कूटी सवार अंकुर और उसका साथी साहिल भी गिर गए। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसे दांतों से भी काटा गया। इसके बाद दोनों उसे जबरन अपने साथ निरंजनपुर सब्जी मंडी स्थित दुकान नंबर 106 में ले गए।

दुकान में घंटों तक दी गईं यातनाएं

शिकायत के मुताबिक, दुकान के अंदर आरोपियों ने युवक के साथ अत्यंत क्रूर व्यवहार किया। आरोप है कि उसे बिजली का करंट लगाया गया और गर्म लोहे की रॉड से शरीर के विभिन्न हिस्सों को दागा गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके गुप्तांग में पेचकस घुसाकर गंभीर रूप से घायल किया गया। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

देर रात तक बनाए रखा बंधक

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे रात करीब तीन बजे तक बंधक बनाए रखा। बाद में मौका मिलते ही वह किसी तरह वहां से निकलकर भागने में सफल हुआ। घर पहुंचकर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अंकुर वाल्मीकि और साहिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button