उत्तराखंड में थार की छत पर चढ़कर शराब पार्टी, स्थानीय लोगों से भिड़े यूपी के युवक, बोले “अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं”
वीडियो सामने आया, हाथों में बीयर की केन और क्रेट, सिगरेट तथा नमकीन के पैकेट भी दिखाई दे रहे थे युवक

Amit Bhatt, Uttarakhand: ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में सोमवार देर रात कुछ युवकों का खुलेआम शराब पीते और हुड़दंग मचाते हुए वीडियो सामने आया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश से आए सात युवक रोडवेज बस अड्डे के पास दिल्ली-नैनीताल हाईवे पर खड़ी महिंद्रा थार की छत पर चढ़ गए और वहीं बीयर पीते हुए शोर-शराबा करने लगे। उनके हाथों में बीयर की केन और क्रेट, सिगरेट तथा नमकीन के पैकेट भी दिखाई दे रहे थे।
विरोध करने पर स्थानीय लोगों से बहस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों के हंगामे से राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को परेशानी होने लगी। इस पर स्थानीय लोगों ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने से रोका। विरोध किए जाने पर युवक शांत होने के बजाय स्थानीय लोगों से उलझ गए।
जब लोगों ने उनसे पूछा कि क्या वे अपने शहर में भी इसी तरह की हरकत करते हैं, तो युवकों ने कथित तौर पर जवाब दिया, “अपने शहर में हम ऐसे ही रहते हैं।” इसके बाद मौके पर कुछ देर तक बहस का माहौल बना रहा।
मथुरा नंबर की निकली थार
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिंद्रा थार का पंजीकरण नंबर UP85CU0909 है, जो उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का बताया जा रहा है। घटना स्थल रुद्रपुर रोडवेज बस अड्डे के पास है, जहां से उत्तर प्रदेश की सीमा करीब 500 मीटर दूर है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बाजार चौकी पुलिस को दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही थार सवार युवक वाहन लेकर वहां से निकल चुके थे।
इसके बाद पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे और आसपास के हाईवे क्षेत्र में अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे अन्य लोगों को हटाया गया और खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत करने पर सख्त चेतावनी दी गई।
एसपी सिटी ने क्या कहा
मामले को लेकर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि शाम के समय इस तरह के झगड़े होते रहते हैं। वहीं, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही थार गाड़ी का नंबर उत्तर प्रदेश के मथुरा का पाया गया है।



