crimeDehradunland fraud

फर्जी दस्तावेजों से 65 लाख की भूमि धोखाधड़ी, सहसपुर पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

पैसे वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी दीपक को भेजा गया जेल

Amit Bhatt, Dehradun: एसएसपी देहरादून के निर्देश पर भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने भूमि विक्रय के नाम पर 65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को डॉ. शैलेंद्र तिवारी पुत्र रमेश चन्द्र तिवारी, निवासी हरर्बटपुर, विकासनगर (जनपद देहरादून) ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन और दीपक सहित अन्य आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और भूमि बेचने का झांसा देकर उनसे 65 लाख रुपये हड़प लिए। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रारंभिक जांच में शिकायत के तथ्यों की पुष्टि होने पर कोतवाली सहसपुर में मु0अ0सं0-77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 318(4), 336(3), 338, 340(2), 351(3), 352 एवं 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी दीपक की संलिप्तता स्पष्ट होने पर सहसपुर पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को धर्मावाला क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पुत्र मदन सिंह, निवासी वार्ड नंबर-04, आसनपुल, फतेहपुर, थाना सहसपुर, देहरादून, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार (चौकी प्रभारी धर्मावाला), अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी, कांस्टेबल अजीत सिंह तथा कांस्टेबल प्रवीण कुमार शामिल रहे।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भूमि संबंधी धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत सहसपुर पुलिस की यह कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button