Uttarakhand

ऋषभ पंत को उत्तराखंड में जमीन खरीदने में आ रही दिक्कत, सीएम धामी ने दिया मदद का भरोसा

तीन साल से प्रदेश में जमीन तलाश रहे ऋषभ पंत, उत्तराखंड में रहकर कुछ करने की जताई इच्छा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना ठिकाना बनाने और अपनी मातृभूमि के विकास में योगदान देने की इच्छा जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए उत्तराखंड में जमीन खरीदने में आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया।

ऋषभ पंत ने लिखा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच लौटकर राज्य के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन वर्षों से वह जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जमीन की खरीद और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं में स्पष्टता नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंत ने मुख्यमंत्री से इस मामले में मदद की अपील करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड से बेहद प्यार करते हैं और यहां लौटकर राज्य के लिए कुछ करना चाहते हैं।

पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड का गौरव हैं और अपने शानदार खेल व उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने पंत को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी शीघ्र ही ऋषभ पंत से संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। ऋषभ पंत की इस पोस्ट और मुख्यमंत्री के जवाब के बाद उत्तराखंड में उनके अपने राज्य में लौटकर बसने और यहां निवेश व विकास में योगदान देने की इच्छा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

पैतृक गांव पाली में बन रहा नया आशियाना

क्रिकेटर ऋषभ पंत का पैतृक घर पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विकासखंड के पाली गांव में है। गांव में ऋषभ पंत के नजदीकी परिवारों में उनके चाचा जगदीश चंद्र पंत और हेम पंत के परिवार शामिल हैं। परिजनों के अनुसार, ऋषभ पंत की माता भी हाल ही में गांव आई थीं और शनिवार को रुड़की लौट रही हैं। गांव में स्थित पुराने पैतृक मकान के स्थान पर अब नया मकान बनाने की तैयारी चल रही है। ऐसे में ऋषभ पंत की उत्तराखंड में अपना ठिकाना बनाने की इच्छा के बीच उनके पैतृक गांव में नए आशियाने की तैयारी को भी खास महत्व दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button