
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में बिल्डर और उद्यमी गोपाल गोयनका की पुत्री सलोनी गोयनका ने अपने पति और कंपनी के दो अन्य साझीदारों पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि फर्म में निवेश और पति के कहने पर उसने लाखों रुपये दिए थे, लेकिन रकम वापस मांगने पर आरोपितों ने भुगतान करने से इन्कार कर दिया। मामले में राजपुर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सलोनी गोयनका ने बताया कि उनका विवाह सिमरन सोढ़ी के साथ जनवरी 2019 में हुआ था। उन्होंने बताया कि मैसर्स लिट प्लास्टो टेक एक पार्टनरशिप फर्म है। इसमें उनके पति सिमरन सोढ़ी के अलावा सरनजीत सिंह सोढ़ी और नई दिल्ली निवासी बानी आहूजा साझीदार हैं।
पहले फर्म के खाते में जमा किए 20 लाख रुपये
सलोनी के अनुसार, उन्होंने 27 जून 2023 को फर्म के खाते में 20 लाख रुपये जमा किए थे। इसमें से पांच लाख रुपये उन्हें वापस कर दिए गए, लेकिन शेष धनराशि का भुगतान नहीं किया गया।
इसके बाद 16 अगस्त 2023 को उनके पति सिमरन सोढ़ी ने उन्हें व्हाट्सएप पर संदेश भेजा। तहरीर के मुताबिक, संदेश में सिमरन ने अपने पिता से 50 लाख रुपये मंगवाकर फर्म के खाते में जमा कराने को कहा था। साथ ही जल्द से जल्द रकम वापस करने का भरोसा भी दिलाया था।
दो किश्तों में पति के खाते में भेजी रकम
महिला ने पुलिस को बताया कि पति के कहने पर उन्होंने 50 लाख रुपये की धनराशि दो किश्तों में उनके खाते में ट्रांसफर कर दी। आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद भी उसे वापस नहीं किया गया। बार-बार धनराशि लौटाने के लिए कहने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
सलोनी ने आरोप लगाया कि इस तरह उनसे कुल 65 लाख रुपये लिए गए, लेकिन अब आरोपित रकम वापस करने से इन्कार कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
तीनों साझीदारों के खिलाफ मुकदमा
राजपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरनजीत सिंह सोढ़ी, सिमरन सोढ़ी और बानी आहूजा के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस लेनदेन से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।



