लोगों ने लालच और भय में लुटाई रकम, एसटीएफ ने बचा लिए 21.85 करोड़
1930 हेल्पलाइन से साइबर ठगी के पीड़ितों को बड़ी राहत, 2026 में अब तक 21.85 करोड़ रुपये बचाए

Round The Watch News: साइबर ठगों के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रतिदिन प्राप्त होने वाली साइबर ठगी की शिकायतों पर साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया जा रहा है। एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 1930 कंट्रोल रूम के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कर साइबर अपराध पीड़ितों की 21.85 करोड़ रुपये की धनराशि बचाई जा चुकी है। अगस्त माह में ही सक्रियता से ठगी गई रकम में से एसटीएफ ने 74 प्रतिशत से अधिक धनराशि बचा ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड अजय सिंह ने साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने और साइबर अपराध में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में एसटीएफ के अधीन संचालित राष्ट्रीय वित्तीय हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रूम को साइबर ठगी की सूचना मिलते ही संबंधित बैंक खातों में रकम होल्ड कराने के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
अगस्त में इन मामलों में रकम कराई गई होल्ड
1. जसपाल सिंह, चमोली:
3 अगस्त 2026 को नंदप्रयाग, घाट, जनपद चमोली निवासी जसपाल सिंह ने 60,000 रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकायत की। 1930 हेल्पलाइन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी 60,000 रुपये की धनराशि होल्ड करा दी।
2. नितिन कुमार, हरिद्वार:
3 अगस्त को बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार निवासी नितिन कुमार ने 1,30,127 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की। कार्रवाई के बाद 91,207 रुपये होल्ड कराए गए।
3. सुलेमान, नैनीताल:
6 अगस्त को रामनगर निवासी सुलेमान ने 3,66,165.23 रुपये की साइबर ठगी की सूचना दी। टीम ने त्वरित कार्रवाई कर पूरी 3,66,165.23 रुपये की रकम होल्ड करा दी।
4. देवेंद्र कुमार, देहरादून:
6 अगस्त को कैंट, जनपद देहरादून निवासी देवेंद्र कुमार के साथ 1,00,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई। हेल्पलाइन की कार्रवाई में पूरी 1,00,000 रुपये की रकम होल्ड कराई गई।
5. आनंद चौधरी, हरिद्वार:
6 अगस्त को कनखल निवासी आनंद चौधरी ने 3,54,000 रुपये की साइबर ठगी की शिकायत की। टीम ने पूरी 3,54,000 रुपये की रकम होल्ड करा दी।
6. शिम्भू दयाल शर्मा, हरिद्वार:
6 अगस्त को लक्सर निवासी शिम्भू दयाल शर्मा ने 2,15,240 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई करते हुए 1,25,310 रुपये होल्ड कराए गए।
7. देवपाल, देहरादून:
7 अगस्त को रायपुर, जनपद देहरादून निवासी देवपाल डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड का शिकार हुए। उनके साथ 21,00,000 रुपये की साइबर ठगी हुई। 1930 की त्वरित कार्रवाई से 16,36,835.70 रुपये होल्ड कराए गए।
8. विष्णु दत्त खंडूड़ी, देहरादून:
10 अगस्त को नहरू कॉलोनी निवासी विष्णु दत्त खंडूड़ी ने 4,00,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की। टीम ने कार्रवाई कर 2,10,744.15 रुपये होल्ड कराए।
9. रौनक, पौड़ी गढ़वाल:
10 अगस्त को श्रीनगर निवासी रौनक ने 71,999 रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकायत की। कार्रवाई के बाद 70,949.10 रुपये होल्ड कराए गए।
10. वीरेंद्र मेहरा, पौड़ी गढ़वाल:
10 अगस्त को कोटद्वार निवासी वीरेंद्र मेहरा ने 8,55,990.70 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की। हेल्पलाइन की त्वरित कार्रवाई में 85,599.07 रुपये होल्ड कराए गए।
11. ज्योति बर्थवाल, चमोली:
12 अगस्त को गोपेश्वर निवासी ज्योति बर्थवाल ने 60,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की। 1930 टीम ने कार्रवाई कर 58,343.71 रुपये होल्ड करा दिए।
12. मुकेश लाल, अल्मोड़ा:
11 अगस्त को कोतवाली अल्मोड़ा क्षेत्र निवासी मुकेश लाल ने स्टॉक मार्केट इन्वेस्टमेंट फ्रॉड की शिकायत की। उनके साथ 17,04,046 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। साइबर हेल्पलाइन 1930 की टीम ने संबंधित नोडल अधिकारी और I4C के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करते हुए 15,96,000 रुपये होल्ड करा दिए।
एसटीएफ ने जनता से की सतर्क रहने की अपील
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, OTP, PIN और UPI PIN किसी के साथ साझा न करें। बैंक खाता किराये या कमीशन पर देना अपराध है। खाते में अज्ञात धनराशि आने पर तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना दें।
एसटीएफ ने अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल पर बात न करने और किसी भी तरह के दस्तावेज या निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी है। यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, CBI, ED या किसी अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी ऑनलाइन किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती।
इसके अलावा फर्जी वेबसाइट, निवेश के नाम पर होने वाले फ्रॉड और कम समय में अधिक लाभ के लालच से बचने की सलाह दी गई है। गूगल पर मिले किसी कस्टमर केयर नंबर पर बिना सत्यापन के कॉल न करने को भी कहा गया है। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।



