
Round The Watch News: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। हालांकि, उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले के अंतर्जनपदीय और अंतरराज्यीय चेकपोस्टों के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी सघन चेकिंग की जा रही है।
इसी अभियान के तहत 12 और 13 अगस्त की दरम्यानी रात प्रेमनगर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्धता के आधार पर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी और चाय बागान की ओर भाग निकले।
पुलिस कर्मियों ने तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के थानों को संदिग्ध बाइक और सवारों की जानकारी दी तथा उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस के पीछा करने पर दोनों बदमाश पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर मोटरसाइकिल सड़क किनारे छोड़कर चाय बागान की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है।
घायल बदमाश की पहचान रईस के रूप में
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी मोहल्ला खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश तथा वर्तमान निवासी आजाद कॉलोनी, अलावलपुर रोड, कस्बा छुटमलपुर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। फरार बदमाश की पहचान नवाब निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो वर्ष पहले हुई गोकशी की घटना में भी वांछित चल रहा था।
गोकशी की फिराक में देहरादून आया था
पूछताछ में रईस ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से गोकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। इससे पहले उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ प्रेमनगर क्षेत्र में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस उस मामले में उसके चारों साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, उस घटना के बाद रईस लगातार अपने ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी नवाब के साथ दोबारा देहरादून आया था। दोनों टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी कर गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी।
मुठभेड़ स्थल से क्या मिला
पुलिस ने मौके से घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा सड़क किनारे छोड़ी गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से गोकशी के लिए लाए गए एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक नाइलोन की रस्सी बरामद हुई।
पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में कोतवाली प्रेमनगर में मु0अ0सं0 168/26, धारा 109 बीएनएस तथा 3/4/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो साल पुराने गोकशी मामले में भी था वांछित
रईस के खिलाफ प्रेमनगर कोतवाली में मु0अ0सं0 158/2024, धारा 25/4 आर्म्स एक्ट और 3/11 गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार इसी मामले में उसके चार साथियों को पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि रईस करीब दो साल से फरार चल रहा था।
रईस का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रईस के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में निम्न मुकदमे दर्ज हैं।
1. मु0अ0सं0 472/17, धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौबंध निवारण अधिनियम 1955, थाना नकुड़, सहारनपुर।
2. मु0अ0सं0 473/17, धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौबंध निवारण अधिनियम 1955, थाना नकुड़, सहारनपुर।
3. मु0अ0सं0 257/19, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना मंडी, जिला सहारनपुर।
4. मु0अ0सं0 181/19, धारा 379/411 भादवि, थाना कोतवाली, जिला सहारनपुर।
5. मु0अ0सं0 182/19, धारा 25/3 आर्म्स एक्ट, थाना कोतवाली, जिला सहारनपुर।
6. मु0अ0सं0 183/19, धारा 379/411 भादवि, थाना कोतवाली, जिला सहारनपुर।
7. मु0अ0सं0 332/19, धारा 379/411/414 भादवि, थाना कोतवाली नगर, जिला सहारनपुर।
8. मु0अ0सं0 176/19, धारा 379/411 भादवि, थाना कोतवाली नगर, जिला सहारनपुर।
9. मु0अ0सं0 49/20, धारा 25/3 आर्म्स एक्ट, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर।
10. मु0अ0सं0 290/22, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना कुतुबशेर, जिला सहारनपुर।
11. मु0अ0सं0 51/25, धारा 25/4 आर्म्स एक्ट और 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौबंध निवारण अधिनियम 1955, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर।
12. मु0अ0सं0 47/2016, धारा 307/420 भादवि और 3/11 गौवंश संरक्षण अधिनियम, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार।
13. मु0अ0सं0 48/26, धारा 307/420 भादवि, 3/11 गौवंश संरक्षण अधिनियम तथा 25 व 25/4 आर्म्स एक्ट, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार।
14. मु0अ0सं0 160/22, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, कोतवाली डोईवाला, देहरादून।
15. मु0अ0सं0 158/2024, धारा 25/4 आर्म्स एक्ट और 3/11 गौवंश संरक्षण अधिनियम, कोतवाली प्रेमनगर, देहरादून।
बरामदगी
– एक 315 बोर का तमंचा
– दो खोखा कारतूस
– एक चापड़
– एक कुल्हाड़ी
– दो छुरी
– एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
घटना की जानकारी मिलने के बाद उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुठभेड़ की पूरी जानकारी ली। फरार बदमाश नवाब की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, प्रभारी कोतवाली प्रेमनगर, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा, कांस्टेबल रवि शंकर, कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल श्रीकांत मलिक शामिल रहे।



