
Rajkumar Dhiman, Dehradun: नशामुक्ति को लेकर आयोजित मैच के बाद स्टेडियम में ही कर दी थी दारू पार्टी, वायरल हुआ वीडियो रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चल रही हरियाणवी आर्टिस्ट क्रिकेट लीग के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद दून पुलिस ने कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे तीन व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया और थाने लाकर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था। इसमें कुछ युवक राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम परिसर में शराब का सेवन करते हुए हंगामा और उपद्रव करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देश मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाने लाया, जहां उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
ये तीन लोग लिए गए हिरासत में
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान योगेश दहिया पुत्र सुरेंद्र दहिया, निवासी ग्राम बड़खाल, थाना राई, जिला सोनीपत, हरियाणा, उम्र 34 वर्ष, सचिन पुत्र संजय कुमार, निवासी ग्राम राई, थाना राई, जिला सोनीपत, हरियाणा, उम्र 34 वर्ष और भूपेश कुमार पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी कैमरी रोड, शांतिकुंज कॉलोनी, मकान नंबर 62, थाना कैमरी, जिला हिसार, हरियाणा, उम्र 28 वर्ष के रूप में की गई।
वीडियो में क्या दिखा था
वायरल करीब 15 सेकेंड के वीडियो में हरियाणवी कलाकार योगी दहिया कई अन्य लोगों के बीच खड़े दिखाई दे रहे थे। उनके हाथ में शराब की बोतल थी, जबकि पास रखी टेबल पर ग्लास और खाना दिखाई दे रहा था। वीडियो में योगी दहिया को कोहनी मारकर बोतल का ढक्कन खोलते और फिर ग्लास में शराब डालते देखा गया था।
इस दौरान पीछे से एक व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है—‘वाह भाई वाह… के मारा है रै।’ इसके बाद वहां मौजूद लोग शराब की बोतल के साथ आनंद लेते दिखाई देते हैं। वीडियो की पृष्ठभूमि में स्टेडियम और कुछ खिलाड़ी भी नजर आ रहे थे।
‘नशा मुक्त हरियाणा’ की थीम पर सवाल
यह मामला इसलिए भी चर्चा में आया क्योंकि देहरादून में ‘नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा’ देने की थीम पर हरियाणवी कलाकारों की क्रिकेट लीग आयोजित की जा रही है। आयोजक साहिल सेहरडा के अनुसार, 9 से 13 सितंबर तक आर्टिस्ट चैंपियन लीग (ACL) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े करीब 90 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। कलाकारों को छह टीमों में बांटा गया है और पांच दिन तक क्रिकेट मुकाबले कराए जा रहे हैं।
लीग की छह टीमों के नाम हरियाणा के प्रसिद्ध कवियों और कलाकारों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें जाट मेहर सिंह लीजेंड, धनपत लीजेंड, बाजे भगत लीजेंड, मांगेराम लीजेंड, लख्मीचंद लीजेंड और जगन्नाथ लीजेंड शामिल हैं।
लीग में योगी दहिया, रोमी हुडा, एचडी कुंडू, अमित ढूल, जीत घनघस और आर मान समेत कई कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। 9 सितंबर को आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में केडी देसी रॉक, प्रांजल दहिया और खासा आला चाहर समेत कई कलाकार पहुंचे थे। लीग का आयोजन बिंटू पाबड़ा और साहिल सेहरडा कर रहे हैं। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्टेडियम परिसर में शराब के सेवन को लेकर भी सवाल उठे थे। जिसमें पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ हद तक विराम लग गया है।



