
Round The Watch News: दून यूनिवर्सिटी में वीकेंड पर हुई अनऑफिशियल फ्रेशर्स पार्टी के बाद देर रात छात्रों के सड़क पर उतरकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पार्टी खत्म होने के बाद 100 से अधिक छात्र-छात्राएं यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर सड़क पर आ गए। इस दौरान कुछ युवकों ने शर्ट उतारकर जमकर हुड़दंग किया और राहगीरों के साथ अभद्रता की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि वीकेंड पर आयोजित पार्टी के लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन से अनुमति नहीं ली गई थी। पार्टी में छात्र-छात्राएं दोनों शामिल हुए थे। देर रात पार्टी समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी सड़क पर पहुंच गए। वायरल वीडियो में कुछ युवकों के शर्ट उतारकर सड़क पर घूमने और वाहनों को रोककर हंगामा करने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
कार को घेरकर तोड़े शीशे
घटना के दौरान सड़क से गुजर रही एक काली कार को छात्रों ने कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि हुड़दंग कर रहे युवकों ने कार के शीशे तोड़ दिए। खास बात यह रही कि जिस समय कार को घेरा गया, उसमें लोग सवार थे। अचानक हुए हंगामे से कार में बैठे लोग सहम गए।
वायरल वीडियो में सड़क पर मौजूद कुछ युवकों की हरकतों को लेकर राहगीरों की ओर से भी आपत्ति जताई जाती दिख रही है। आरोप है कि विरोध करने पर राहगीरों के साथ गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
महिलाओं और अन्य राहगीरों के सामने भी हुड़दंग
आरोप है कि हंगामे के दौरान कुछ युवकों ने कार में मौजूद महिलाओं के सामने अपनी शर्ट उतार दी और उन्हें हाथ में लेकर सड़क पर घूमते नजर आए। उस समय सड़क से गुजर रहे वाहनों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। इन लोगों के सामने भी छात्रों द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप है।
घटना को मौके से गुजर रहे राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर युवकों की भीड़, शर्ट उतारकर घूमते युवक और वाहनों के साथ कथित तोड़फोड़ के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के पास शिकायत नहीं, फिर भी जांच
मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के संबंध में फिलहाल पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसके बावजूद वायरल वीडियो और सामने आए घटनाक्रम के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।फिलहाल मामले में किसी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की सूचना नहीं है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया
घटना को लेकर दून यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. सुरेखा डंगवाल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अब सवाल यह है कि यूनिवर्सिटी के बाहर देर रात इतने बड़े समूह में छात्र किस परिस्थितियों में सड़क पर पहुंचे और कथित तौर पर राहगीरों तथा वाहनों के साथ अभद्रता व तोड़फोड़ की स्थिति कैसे बनी। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार लोगों को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।



