विधायक के बेटे पर मुकदमा, समर्थकों संग विधायक का थाने में धरना
आरोग्यम अस्पताल विवाद में कांग्रेस विधायक ममता राकेश के बेटे पर दर्ज किया गया मुकदमा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार जिले के भगवानपुर के करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल में मरीज के उपचार को लेकर हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। अस्पताल में डॉक्टर और भगवानपुर विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट हुई थी। अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक राकेश और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवानपुर थाने का घेराव कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
50-60 समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे थे अभिषेक
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक मरीज उपचार के लिए आरोग्यम अस्पताल आया था। बताया गया कि अस्पताल में एक चिकित्सक से टकराकर वह नीचे गिर गया था, जिससे उसके सिर में चोट लगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीज के उपचार की बात कही गई थी। इसी मामले को लेकर बुधवार शाम विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश करीब 50-60 समर्थकों के साथ करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल पहुंचे। वहां मरीज के उपचार को लेकर डॉक्टर से बातचीत के दौरान विवाद हो गया।
बताया गया कि कहासुनी के बाद मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। अस्पताल परिसर में हंगामा होने से मरीजों, तीमारदारों और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों व कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। अस्पताल प्रबंधन ने अभिषेक राकेश पक्ष पर हथियार लहराने का भी आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों ने दी तहरीर, पुलिस ने जांच शुरू की
अस्पताल प्रबंधन की ओर से एचआर विवेक अहलावत ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें मारपीट और हथियार लहराने के आरोप लगाए गए। दूसरी ओर अभिषेक राकेश ने भी पुलिस को तहरीर देकर दूसरे पक्ष पर मारपीट समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल कर्मचारियों में भी घटना को लेकर रोष है। कर्मचारी विशाल कुमार के साथ विवेक अहलावत, अजय वत्स, विवेकानंद, तुषार अरोड़ा, अभिषेक, आकाश, निशांत राणा, विवेक अवस्थी और आलोक सिंह ने सामूहिक तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों ने कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
मुकदमा दर्ज होने पर थाने पहुंचे कांग्रेसी
अभिषेक राकेश और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भगवानपुर थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनकी ओर से भी पुलिस को लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं की गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
विधायक ममता राकेश भी धरने पर बैठीं
हंगामे की सूचना पर विधायक ममता राकेश भी थाने पहुंचीं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उनका कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए थी। विधायक ने आरोप लगाया कि एकतरफा कार्रवाई से पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल आरोग्यम अस्पताल विवाद को लेकर भगवानपुर थाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना जारी है, जबकि पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



