crimeUttarakhand

लिव-इन में रह रही युवती को मारी गोली, एम्स ऋषिकेश रेफर

हरिद्वार में मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में वारदात, हमलावरों के निशाने पर था युवती का पार्टनर

Aryan Walia, Uttarakhand: मायापुर क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर युवती के पार्टनर अंश को निशाना बनाने पहुंचे थे। अंश पर गोली चलाए जाने के दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसे लग गई। गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार केशर हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। पुलिस को शुरुआती जांच में यह भी जानकारी मिली है कि अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि, गोलीकांड के पीछे वास्तविक वजह क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है।

अंश को निशाना बनाने पहुंचे थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने अंश पर गोली चलाई। इसी दौरान केशर सामने आ गई और गोली उसे लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि घटना में युवती घायल हुई है और उसका उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। हमलावरों की पहचान के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के सामने फिलहाल मुख्य बिंदु यह है कि अंश को निशाना बनाने की वजह क्या थी और हमले में शामिल युवक कौन थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button