crimeDehradunpolice

आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास पुलिस बस को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, 04 जवानों समेत 07 घायल

एक ही क्षेत्र में निरंतर हादसों ने सरकारी तंत्र के माथे पर डाला बल

Aryan walia, Dehradun: देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस (IRB फर्स्ट बटालियन) की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में IRB के चार जवानों समेत सात लोग घायल हुए हैं। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद दोनों वाहन हाईवे की बैरिकेडिंग के दोनों ओर फिसलते नजर आ रहे हैं।

हादसा सुबह करीब 09 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा 12 टायरी ट्रक संख्या UK07 CD 8492 सहारनपुर की ओर से आ रहा था। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही IRB की बस को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई।

हादसे के समय IRB फर्स्ट बटालियन की बस में जवानों समेत सात से आठ लोग सवार थे। इनमें हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार भी शामिल हैं। सभी जवान IRB फर्स्ट बटालियन, बेलपड़ाव, रामनगर के बताए गए हैं।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button