crimeUttarakhand

ऑनलाइन गेमिंग में हरिद्वार के युवक ने लुटा दिए 1.77 करोड़, एसटीएफ ने राजस्थान से किशोर को गिरफ्तार किया

मोटे मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगी की, कुल रकम में से गिरफ्तार आरोपी को मिले 14 लाख

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिये कम रकम लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का लालच एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने YouTube पर दिखे Winadda ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के विज्ञापन के बाद WhatsApp के माध्यम से संपर्क कर पीड़ित से वर्ष 2025 में कुल 1,77,53,960 रुपये की ठगी कर ली। मामले की जांच में ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये एक आरोपी के बैंक खाते में पहुंचने का खुलासा हुआ। उत्तराखंड एसटीएफ ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के लाडनूं से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता की शिकायत पर मु0अ0सं0 20/2026 दर्ज किया गया था। इसमें धारा 318(4), 61(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने YouTube पर Winadda गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अज्ञात लोगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से WhatsApp पर लिंक भेजकर संपर्क किया और कम धनराशि निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया।

चार महीने में खाते से 95 लाख का संदिग्ध लेन-देन
जांच के दौरान एसटीएफ ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और उनमें हुए धन के लेन-देन का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान पता चला कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से करीब 14 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में क्रेडिट हुए थे। इतना ही नहीं, आरोपी के बैंक खाते में महज चार महीने की अवधि में करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया।

महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद एसटीएफ टीम ने बैंक खाते के खाताधारक किशोर पुत्र मदन लाल (41 वर्ष) को राजस्थान से गिरफ्तार किया। आरोपी वार्ड नंबर-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन, राजस्थान का निवासी है। उसे थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन, राजस्थान से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ टीम ने राजस्थान पहुंचकर की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा, उपनिरीक्षक वजिन्द्र सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनह बड़ोनी शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने सभी टीम प्रभारियों को साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और साइबर अपराध में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या किसी भी तरह के ऑनलाइन लाभ का लालच देने वाले अज्ञात लोगों और वेबसाइटों के झांसे में न आएं। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या धनराशि ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button