
Round The Watch News: शहर के बिधौली क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और चोरों के दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शातिर चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद पड़े हॉस्टल को चार दिन तक खंगाला। वे गाड़ियों में भरकर सामान ले जाते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी। इतना ही नहीं, पड़ोसियों के सवाल करने पर चोरों ने खुद को हॉस्टल का नया मालिक बताया और कथित फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर उन्हें भी गुमराह कर दिया। जब हॉस्टल संचालक मौके पर पहुंचे तो वहां से बेड, अलमारियां और गीजर ही नहीं, दरवाजे, खिड़कियों के चैनल और बाथरूम की टोंटियां तक गायब थीं।
बंद हॉस्टल को बनाया निशाना, चार दिन तक चलता रहा खेल
बिधौली क्षेत्र में अधिवक्ता रजत दुआ का 30 कमरों वाला हॉस्टल लंबे समय से बंद पड़ा था। इस दौरान हॉस्टल का केयरटेकर भी छुट्टी पर था। इसी का फायदा उठाकर शातिरों ने चार से सात अक्टूबर के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दिनदहाड़े गाड़ियां लेकर हॉस्टल पहुंचते और वहां से सामान निकालकर ले जाते रहे। चार दिनों तक सामान ढोने के बावजूद किसी को उनके इरादों पर संदेह नहीं हुआ।
फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर पड़ोसियों को किया गुमराह
हॉस्टल से सामान निकाले जाने और तोड़फोड़ को लेकर जब पड़ोसियों ने सवाल किए तो आरोपियों ने खुद को नया मालिक बता दिया। उन्होंने अपने दावे को सही साबित करने के लिए हॉस्टल की खरीद-फरोख्त से संबंधित कथित फर्जी एग्रीमेंट भी दिखाया। दस्तावेज देखकर पड़ोसियों को लगा कि हॉस्टल का स्वामित्व बदल गया है। इसी बहाने आरोपी बेखौफ होकर सामान निकालते रहे।
बेड, अलमारियां ही नहीं, दरवाजे और नल भी उखाड़े
चोरी का पता नौ अक्टूबर को चला, जब हॉस्टल संचालक रजत दुआ वहां पहुंचे। हॉस्टल की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। चोर 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर और छह सिलेंडर ले जा चुके थे। आरोपियों ने 20 दरवाजे भी उखाड़ लिए। इसके अलावा खिड़कियों के सभी चैनल और बाथरूम की टोंटियां व शावर तक निकाल लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मामले में रविवार को चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



