crimeDehradun

कर्ज और नशे ने 04 युवकों को बनाया चोर, बंद हॉस्टल से 30 लाख का सामान उड़ाया, अब गिरफ्तार

बिधौली में दुआ ब्वायज हॉस्टल को चार दिन तक खंगाला, पड़ोसियों को फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर किया गुमराह

Rajkumar Dhiman, Dehradun: बिधौली स्थित बंद पड़े दुआ ब्वायज हॉस्टल से करीब 30 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी भी शामिल है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, नशे की लत के कारण हुए कर्ज को चुकाने और जल्द पैसा कमाने के लालच में आरोपितों ने चोरी की योजना बनाई थी। मामले में एक अन्य आरोपित का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

अधिवक्ता रजत दुआ ने 11 अक्टूबर को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बिधौली स्थित उनके 30 कमरों वाले हॉस्टल से बेड, अलमारियां और अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। हॉस्टल लंबे समय से बंद था और केयरटेकर भी छुट्टी पर था। मूल शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने चार से सात अक्टूबर के बीच वारदात को अंजाम दिया। इस पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 219/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की।

रेकी कर बनाया चोरी का प्लान
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। 11 अक्टूबर को कांसवाली रोड, तल्ली कंडोली क्षेत्र से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में मुख्य आरोपित आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू ने बताया कि वह नशे का आदी है और कई लोगों से उधार ले रखा था। अगस्त में एक दोस्त के घर जाते समय उसने बंद हॉस्टल देखा। अंदर बेड, अलमारियां, गीजर, जिम का सामान और इलेक्ट्रानिक उपकरण देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने जोगेंद्र कुमार और सचिन कुमार को योजना में शामिल किया। दोनों ने सहसपुर के कबाड़ी असलम के बारे में बताया। असलम चोरी का सामान खरीदने के लिए तैयार हो गया।

आरोपितों ने हॉस्टल का ताला तोड़कर बेड, अलमारियां, गीजर और अन्य सामान चोरी किया। बेड और अलमारियां असलम को बेच दीं, जबकि गीजर व इलेक्ट्रानिक सामान दूसरे कबाड़ी के पास पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपित चोरी के सात बेड और दो अलमारियां बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बेड, अलमारियां ही नहीं, दरवाजे और टोंटियां भी गायब
हॉस्टल संचालक के अनुसार, चोरी हुए सामान में 70 बेड, 35 अलमारियां, 32 गीजर, दो डीप फ्रीजर और छह सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा 20 दरवाजे, खिड़कियों के चैनल, बाथरूम की टोंटियां और शावर भी गायब थे। कुल नुकसान करीब 30 लाख रुपये बताया गया है।

पूर्व में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, पड़ोसियों ने जब सामान निकालने पर सवाल किए तो आरोपितों ने खुद को हॉस्टल का नया मालिक बताया और कथित फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर उन्हें गुमराह किया था। हालांकि, पुलिस के ताजा प्रेस नोट में इस पहलू का उल्लेख नहीं है।

ये चार आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू (22), निवासी सार्थक ब्वायज हॉस्टल के पास, बिधौली; जोगेंद्र कुमार (29), मूल निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी 32 बीघा, बिधौली; सचिन कुमार (23), मूल निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी साईं मंदिर, बिधौली; और असलम (40), निवासी पानी की टंकी के पास, छरबा, सहसपुर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपित की भूमिका भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली, कांस्टेबल जगजोत चौहान, जसवीर कंडारी, वीरेंद्र भंडारी और निर्भय सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button