
Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, नयागांव के पास पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने के बजाय बुडपुर की तरफ भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली।
पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर में नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देना बताया है। बदमाशों ने यह भी बताया कि वे रविवार रात किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे। पुलिस अब उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनके गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं और उन्होंने किन-किन स्थानों पर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास, गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल समीम और शहजाद का आपराधिक इतिहास लंबा है। दोनों कई बार पहले भी हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
दो पिस्टल और जिंदा-खोखा कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने पहुंचकर निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस बरामद हथियारों और कारतूसों की जांच के साथ दोनों से पूछताछ कर रही है। उनके अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने और संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



