
Rajkumar Dhiman, Dehradun: 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने और उसका भुगतान कराने के एवज में पांच प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप में सीबीआइ की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) देहरादून ने बैंक आफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपित लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर लगातार रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता के परिवार से वे पहले ही 2.50 लाख रुपये से अधिक की रकम ले चुके थे। सीबीआइ ने मामले में चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
क्लेमेनटाउन निवासी आशीष बंबा ने सीबीआइ से शिकायत की थी कि उनके पिता विनय कुमार ने करीब 13 महीने पहले आइआइएफएल से 1.20 करोड़ रुपये का लोन लिया था। परिवार का 15 कमरों का पीजी है, जहां कुछ अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया जाना है। इसके अलावा आशीष की बहन की शादी के लिए भी धनराशि की जरूरत थी। आइआइएफएल के लोन पर ब्याज दर अधिक होने के कारण परिवार इसे किसी सरकारी बैंक में स्थानांतरित कराकर अतिरिक्त टापअप लोन लेना चाहता था। इसी सिलसिले में बैंक आफ बड़ौदा की इंदिरा नगर शाखा के अधिकारी उनके संपर्क में आए।
शिकायत के अनुसार, बैंक के ब्रांच मैनेजर प्रेम रंजन, नरेंद्र और नीरज लोन के संबंध में बातचीत करने उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान नीरज ने बैंक मैनेजर प्रेम रंजन के खर्चे के नाम पर 50 हजार रुपये नकद मांगे। कुछ दिन बाद नीरज ने उनके पिता से बैंक फीस के नाम पर 1.50 लाख रुपये और लीगल फीस के नाम पर 50 हजार रुपये मांगे। इसके अलावा नरेंद्र के कहने पर कुछ धनराशि आनलाइन भी स्थानांतरित की गई। इस तरह परिवार आरोपितों को 2.50 लाख रुपये से अधिक दे चुका था। आरोप है कि शुरुआत में 2.5 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई, जिसे बाद में बढ़ाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया।
अक्टूबर में घर पहुंचकर फिर मांगी रकम
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सात अक्टूबर को अशरफ, नीरज और नरेंद्र दोबारा उनके घर पहुंचे। इस दौरान करीब 1.80 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने के एवज में एक प्रतिशत यानी 1.80 लाख रुपये मांगे गए। आठ अक्टूबर को लोन के चेक उपलब्ध कराने की बात कहते हुए रकम मांगी गई। आरोप है कि शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद और 1.50 लाख रुपये चेक के माध्यम से लिए गए। इसके बावजूद पैसों की मांग बंद नहीं हुई।
दस अक्टूबर को आरोपितों ने फिर संपर्क कर शेष रकम देने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता को लोन ट्रांसफर और टापअप लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया जाता रहा। साथ ही कथित तौर पर कहा गया कि शेष रकम नहीं देने पर लोन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी। लगातार हो रही मांग से परेशान होकर आशीष बंबा ने सीबीआइ में शिकायत की। इसके बाद सीबीआइ एसीबी देहरादून ने कार्रवाई करते हुए बैंक मैनेजर सहित तीन आरोपितों को नौ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।



