
Round The Watch News: शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी की बात उठाने पर गाली-गलौच व धमकी देने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। रविवार को पुलिस ने उसे देहराखास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर बताया कि रोहित छाबड़ा नाम के व्यक्ति ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के आधार पर आरोपित ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि जब उसने रोहित से शादी करने के लिए कहा तो वह अपने वादे से मुकर गया।
शिकायत के अनुसार, शादी की बात करने पर आरोपित का रवैया बदल गया। उसने युवती के साथ गाली-गलौच की और उसे धमकियां भी दीं। इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रोहित छाबड़ा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू की। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए 40 वर्षीय रोहित छाबड़ा को देहराखास स्थित बालाजी अपार्टमेंट, वसुंधरा एनक्लेव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शिखा तेगवाल और कांस्टेबल अनोज राणा शामिल रहे। कार्रवाई में उप निरीक्षक शिखा तेग्रवाल, का. अनोज राणा शामिल रहे।



