DehradunUttarakhandउत्तराखंड

तोहफा: सीधी भर्ती चयनित वन दरोगाओं को दीपावली से पहले मिलेगी नियुक्ति

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने दिया आश्वासन, अभ्यर्थियों का वन विभाग ने किया स्वागत

Amit Bhatt, Dehradun: वन दरोगा की सीधी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को दीपावली से पहले नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने अभ्यर्थियों को नियुक्ति के प्रति आश्वास्त किया। उन्होंने कहा कि सृजित पदों पर नियमानुसार ही पदोन्नति व सीधी भर्ती कोटे से नियुक्तियां दी जाएंगी।

सोमवार को वन विभाग की ओर से सर्वे चौक के निकट स्थित आइआरडीटी सभागार में स्वागत अभिविन्यास समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिभाग किया। उन्हाेंने युवा अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए शीघ्र नियुक्त प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही वन विभाग का अंग बनकर विभाग की जिम्मेदारी के मूल स्वरूप के अनुसार भविष्य में कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि अभ्यर्थियों को गृह जनपद के निकट ही तैनाती देने का प्रयास भी किया जाएगा। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से वन दारोगाओं की सीधी भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित कर 292 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया।

जिसकी सूची वन विभाग को कुछ माह पूर्व उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बाद अब विभाग ने उक्त चयनित अभ्यर्थियों के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया। जिसमें कुल 170 अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रमुख मुख्य वन संरक्षक अनूप मलिक ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने वन विभाग की कार्यशैली से अभ्यर्थियों को अवगत कराया।

मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन विकास एवं कार्मि प्रबंधन निशांत वर्मा ने विभाग के कार्यों व वन दारोगा के पद के दायित्वों की जानकारी दी। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल नरेश कुमार, अपर प्रमुख वन संरक्षक नियोजन एवं वित्तीय प्रबंधन जीएस पांडे, अपर प्रमुख वन संरक्षक पर्यावरण कपिल कुमार जोशी, अपर प्रमुख वन संरक्षक परियोजनाएं कपिल लाल, वन संरक्षक शिवालिक राजीव धीमान आदि ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button