तीन दिन बाद खत्म हुआ नगरासू गुरुद्वारा विवाद, छत पर डटे चार निहंग सिख पंजाब रवाना
तीन दिन तक गुरुद्वारे की छत पर डटे रहे निहंग, प्रशासन की समझाइश के बाद शांतिपूर्वक लौटे पंजाब

RTW, Desk: नगरासू स्थित गुरुद्वारे की चौथी मंजिल और छत पर पिछले तीन दिनों से डटे चार निहंग सिख आखिरकार प्रशासन और पुलिस के साथ लंबी वार्ता के बाद नीचे उतर आए। इसके साथ ही कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, चारों निहंग सिख गुरुद्वारे की चौथी मंजिल और छत पर कब्जा जमाए हुए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। अधिकारियों द्वारा कई दौर की बातचीत और समझाइश के बाद निहंग सिख नीचे आने के लिए तैयार हुए।
वार्ता सफल होने के बाद चारों निहंग सिख गुरुद्वारे से बाहर निकले और मोटरसाइकिलों से पंजाब के लिए रवाना हो गए। उनके रवाना होने के साथ ही क्षेत्र में बनी अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो गई और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया गया। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल लगातार मौके पर तैनात रहा। स्थानीय लोगों ने भी विवाद के शांतिपूर्ण समाधान पर संतोष व्यक्त किया है।



