
Amit Bhatt, Dehradun: ओएनजीसी चौक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने रात 12 बजे के बाद बार रेस्तरां के संचालन पर सख्ती से रोक लगा रखी है। हालांकि, इसके बाद भी तमाम प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी पर सीलिंग तक की कार्रवाई की गई है। ताजा मामला दून के होटल जेएसआर का है। जहां आधी रात के बाद भी बार खुला था और पार्टी चल रही थी।
नेहरू कालोनी पुलिस को शिकायत मिली थी कि होटल जेएसआर में नियमों का उल्लंघन कर आधी रात बाद में शराब पिलाई जा रही है और पार्टी चल रही है। शनिवार आधी रात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बार बंद कराया और पार्टी को विराम दिया।
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार के अनुसार नियमों के उल्लंघन पर होटल संचालक और प्रबंधक को थाने लाया गया। जहां दोनों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें नियमों के पालन की हिदायत जारी की गई है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 15 व्यक्तियों के चालान किए हैं।