Breaking: दिनदहाड़े मच्छी बाजार में युवती की चापड़ से हत्या, पहले की शिकायत के बावजूद नहीं रुकी वारदात
बीच सड़क बुलाकर वारदात, दो दिन पहले दी थी धमकी की शिकायत, विरोध में बाजार बंद

Amit Bhatt, Dehradun: शहर के अत्यंत व्यस्त मच्छी बाजार–दूल्हा बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे दून को झकझोर कर रख दिया। रविवार–सोमवार की दरम्यानी इस सनसनीखेज वारदात में एक युवक ने सरेआम धारदार हथियार से युवती पर हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, बाजार बंद हो गए और शहरभर में तनाव व आक्रोश का माहौल बन गया।

मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नु श्रीवास्तव (पुत्री मनीष श्रीवास्तव), निवासी गोविन्दगढ़ के रूप में हुई है। वह दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में कार्य करती थी। सोमवार सुबह रोज की तरह काम पर पहुंची गुंजन ने अपने जीजा के घर के पास स्कूटी खड़ी की और गली से दुकान की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उस पर अचानक हमला कर दिया।

खुले बाजार में बेरहमी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने भीड़भाड़ वाले इलाके में ही युवती पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए। पहले वार में युवती ने हाथ आगे कर बचने की कोशिश की, जिससे उसकी उंगली कट गई। इसके बाद गले पर किए गए वार से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे, जबकि आक्रोशित भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां ऑपरेशन थिएटर में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी गिरफ्तार, चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश पुत्र कोमलराम (27 वर्ष), निवासी मन्नूगंज, खुडबूड़ा मोहल्ला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भी दूल्हा बाजार की एक दुकान में काम करता था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतका के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से जान-पहचान थी। इस बात की जानकारी परिजनों को होने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ और चौकी खुडबूड़ा में आपसी सहमति से संबंध समाप्त करने का समझौता पत्र भी दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी युवती का पीछा करता रहा। घटना से दो दिन पहले युवती ने उसे समझाने और परेशान किए जाने को लेकर चौकी खुडबूड़ा में प्रार्थना पत्र भी दिया था। पुलिस दबाव के चलते आरोपी फोन बंद कर घर से गायब हो गया था और अलग-अलग जगह छिपता रहा। लगातार पारिवारिक कलह, पुलिस कार्रवाई का डर और युवती द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आरोपी आवेश में आ गया और उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया।
मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही सामने आने पर खुदबुड़ा चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बाजार बंद, भारी पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख मच्छी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस की संवेदनशीलता और समय रहते कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायतों के बावजूद ठोस कदम न उठाए जाने की कीमत एक युवती को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। शहर में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल बना हुआ है, और लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।



